मयंक अग्रवाल और चेतेश्वर पुजारा का अर्धशतक, ऑस्ट्रेलिया गेंदबाजों को किया पस्त

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 03, 2019

सिडनी। मयंक अग्रवाल और चेतेश्वर पुजारा के अर्धशतक से भारत ने गुरुवार को यहां आस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन चाय तक दो विकेट पर 177 रन बनाए। चाय के समय पुजारा 61 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि कप्तान विराट कोहली 23 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे थे। दोनों तीसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी कर चुके हैं। अग्रवाल ने 77 रन की पारी खेली।

इसे भी पढ़ें: भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन पर बोले कपिल देव, पिछले 15 सालों में नहीं हुई ऐसी गेंदबाजी

कोहली ने हेजलवुड पर चौके के साथ खाता खोला। आस्ट्रेलिया ने रन गति कम रखने के लिए नकारात्मक गेंदबाजी का भी सहारा लिया और शार्ट गेंद के साथ बल्लेबाज के शरीर को निशान बनाया। पुजारा पर हालांकि इसका अधिक असर नहीं पड़ा और वह अच्छी लय में दिखे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 134 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने लंच से पहले लेग स्पिनर मार्नस लाबुशेन के ओवर में तीन चौके मारे। भारत ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सीनियर आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन सुबह फिटनेस टेस्ट में नाकाम रहे और मैच से बाहर हो गए।

इसे भी पढ़ें: बट का दावा, अफरीदी ने पाकिस्तान टीम में वापसी का रास्ता रोका

भारत ने टीम में दो बदलाव करते हुए रोहित शर्मा और इशांत शर्मा की जगह राहुल और कुलदीप यादव को मौका दिया। आस्ट्रेलिया ने भी दो बदलाव करते हुए आरोन फिंच और मिशेल मार्श की जगह पीटर हैंड्सकोंब और लाबुशेन को अंतिम एकादश में जगह दी। गेंदबाजी की शुरूआत स्टार्क और हेजलवुड की जोड़ी ने की। मेलबर्न टेस्ट से बाहर रहने के बाद वापसी कर रहे राहुल (09) एक बार फिर नाकाम रहे। पहली चार गेंद में से दो उनके बल्ले का किनारा लेकर बाउंड्री तक पहुंची। राहुल हालांकि दूसरे ओवर में ही हेजलवुड की गेंद पर पहली स्लिप में शान मार्श को कैच दे बैठे। जनवरी 2018 से विदेशी सरजमीं पर 12 टेस्ट में भारत की यह छठी सलामी जोड़ी थी। इस दौरान विदेशी सरजमीं पर 23 पारियों में सलामी साझेदारी का औसत सिर्फ 21–56 रहा है।

दूसरे छोर पर अग्रवाल ने कर्नाटक के अपने साथी बल्लेबाज राहुल की तुलना में एक बार फिर ठोस बल्लेबाजी की और कुछ अच्छे कवर ड्राइव लगाए। उन्होंने पुजारा के साथ मिलकर रन गति में इजाफा किया। भारत ने पहले घंटे में एक विकेट पर 46 रन बनाए जबकि मौजूदा दौरे पर कम रन गति सामान्य बात रही है। अग्रवाल और पुजारा ने इसके बाद 104 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। आस्ट्रेलिया ने 15वें ओवर में डीआरएस गंवाया जब पुजारा के खिलाफ हेजलवुड की अपील को मैदानी अंपायर ने नकार दिया। आस्ट्रेलिया ने डीआरएस लिया लेकिन रीप्ले में दिखा कि गेंद बल्लेबाज की जांघ से टकराकर विकेटकीपर के पास पहुंची थी।

इसे भी पढ़ें: टिम पेन के बच्चों के साथ मस्ती करते नजर आएं ऋषभ पंत

मेजबान टीम ने शार्ट गेंदबाजी की और बल्लेबाजों के शरीर को निशाना बनाया। पुजारा को दो बार गेंद लगी जिसमें से एक गेंद उनके सिर में लगी। कप्तान टिम पेन ने आफ स्पिनर नाथन लियोन को 22वें ओवर में पहली बार मौका दिया। मौजूदा श्रृंखला में लियोन पहली बार इतनी देर से गेंदबाजी करने आए हैं। यह स्पिनर भी हालांकि लंच से पहले आस्ट्रेलिया को सफलता नहीं दिला पाया। भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के कोच रमाकांत आचरेकर के सम्मान में काली पट्टी बांधकर खेले जिनका बुधवार को निधन हो गया था। आस्ट्रेलियाई टीम भी आस्ट्रेलिया और न्यू साउथ वेल्स के पूर्व क्रिकेटर बिल वाटसन के सम्मान में काली पट्टी बांधकर खेली। वाटसन का दिसंबर में निधन हो गया था।

प्रमुख खबरें

Bihar: Prashant Kishor की रोजगार क्रांति, Bankipur के 10,000 युवाओं को दिलाएंगे नौकरी, मांगा CV

Sujan Singh Park Land Dispute: दिल्ली हाई कोर्ट ने जून के फैसले पर लगाई रोक, Status Quo बनाए रखने का निर्देश

West Bengal Voter List से नाम हटाने पर Supreme Court सख्त, ECI से मांगा SIR Tribunals का डिस्पोजल डेटा

FCRA संशोधन बिल JPC को भेजेगी सरकार? विपक्ष के विरोध के बीच बड़ा संकेत