WTC Final की दौड़ में बने रहने के लिए New Zealand में Shubman Gill की टीम का कड़ा इम्तिहान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

(कुशान सरकार) वेलिंगटन, 18 नवंबर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए बेताब भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ बृहस्पतिवार से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में यहां की हवादार और तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जा रही परिस्थितियों में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा जिसमें कप्तान शुभमन गिल की रणनीतिक सूझबूझ और दबाव झेलने की क्षमता की भी परीक्षा होगी। यह एक ऐसी श्रृंखला है जिसने भारतीय टीम को हार काफी महंगी पड़ सकती है क्योंकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में क्वालीफाई करने के लिए उसे अपने शेष सात मैचों में से कम से कम छह में जीत हासिल करनी होगी। गिल ने पहले टेस्ट मैच की शुरुआत से 48 घंटे पहले पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अगर हम ये दोनों टेस्ट जीत जाते हैं, तो हमारे पास फाइनल में जगह बनाने का अच्छा मौका होगा।’’ लेकिन न्यूजीलैंड में जीत हासिल करना इतना आसान नहीं हैं।

यहां की परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण हैं और इसके अलावा न्यूजीलैंड के पास बहुत अच्छा तेज गेंदबाजी आक्रमण है। भारत को अगर जीत हासिल करनी है तो उसके बल्लेबाजों को छह फीट आठ इंच लंबे काइल जैमीसन, छह फीट पांच इंच लंबे जैकब डफी और तेज और आक्रामक मैट हेनरी के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। हेनरी ने हाल में अपने कौशल से भारतीय बल्लेबाजों को अच्छी तरह से अवगत करा दिया था।

भारतीय बल्लेबाजों को अपनी दृढ़ संकल्प का नमूना पेश करना होगा तथा न सिर्फ कप्तान गिल बल्कि यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत को भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। गिल ने जब 2025 में इंग्लैंड में टेस्ट कप्तान के रूप में शुरुआत की, तो उनके सामने बल्लेबाज और कप्तान के रूप में खुद को साबित करने की चुनौती थी। वह अपेक्षाओं पर खरे उतरे और अब 18 महीने बीतने के बाद कप्तानी में अपनी भूमिका को अच्छी तरह से समझ चुके हैं लेकिन न्यूजीलैंड में जीत हासिल करना किसी भी विदेशी कप्तान के लिए एक चुनौती होती है और गिल इसे अच्छी तरह से समझते हैं।

उनकी रणनीतिक चाल उस विकेट पर काफी मददगार साबित हो सकती है, जिसके पहले दो दिनों के बाद सपाट होने की संभावना है। गिल का टॉस जीतने के मामले में रिकॉर्ड अच्छा है और अगर वह बृहस्पतिवार को टॉस जीतते हैं तो निश्चित तौर पर पहले गेंदबाजी का फैसला करेंगे जिससे कि शानदार फॉर्म में चल रहे उनके गेंदबाजी आक्रमण को उस पिच का पहला फायदा मिले जिस पर 15 इंच की घास की परत होगी। गिल ने संकेत दिया था कि वह चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरना पसंद करेंगे, जिसका मतलब यह हो सकता है कि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी का अंतिम एकादश में जगह बनाना पक्का नहीं है।

गिल के लिए अच्छी बात यह है कि उनके सहयोगी के रूप में मुख्य कोच गौतम गंभीर मौजूद हैं। गंभीर हमेशा से ‘आर या पार’ के सिद्धांत में विश्वास रखते आए हैं। यह कदम एक मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है, लेकिन अगर सात बल्लेबाजों में से कम से कम तीन अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं करते हैं, तो यह दांव गिल और गंभीर पर भारी पड़ सकता है।

लेकिन ऐसा लगता है कि वे जोखिम उठाने के लिए तैयार हैं। टेस्ट मैच जीतने के लिए 20 विकेट लेने होते हैं और भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती उन चार तेज गेंदबाजों का चयन करना होगा जिनके पहले दो दिनों में पिच पर मौजूद नमी और अगले तीन दिनों में पिच के सपाट होने की स्थिति में सफल होने की सबसे अच्छी संभावना है। जसप्रीत बुमराह का खेलना तय है, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यही बात मोहम्मद सिराज पर लागू नहीं होती है।

भारत को तीसरे और चौथे दिन गेंदबाजी करने के लिए एक लंबे कद के गेंदबाज की जरूरत पड़ सकती है और ऐसे में अधिक अनुभवी प्रसिद्ध कृष्णा युवा गेंदबाज गुरनूर बराड़ की तुलना में बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं। कोलंबो में सिराज के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण टीम प्रबंधन का उन पर भरोसा कम हो गया है। ऐसे में शानदार फॉर्म में चल रहे अंशुल कंबोज और तेज गेंदबाज आकाश दीप को टीम में जगह मिल सकती है।

यह दोनों बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं और ऐसे में नीतीश कुमार रेड्डी को अंतिम एकादश में जगह मिलने की संभावना कम है। जहां तक न्यूजीलैंड की बात है तो वह वनडे मैचों के दौरान विल यंग के फॉर्म में लौटने और साथ ही रचिन रविंद्र के चोट से वापसी करने से खुश होगा। कप्तान टॉम लैथम की फॉर्म थोड़ा चिंता का विषय है, लेकिन डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स जैसे दो दमदार ऑलराउंडर टीम को संतुलन प्रदान करते हैं।

टीम इस प्रकार हैं: भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, अंशुल कंबोज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, बी साई सुदर्शन, गुरनूर बराड़, वाशिंगटन सुंदर। न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), रचिन रविंद्र, विल यंग, ​​ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, हेनरी निकोल्स, डेवोन कॉनवे। मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे।

प्रमुख खबरें

गर्भवती बिलकिस बानो से गैंगरेप और परिवार की हत्या के दोषियों को बेल, SC के फैसले ने पीड़िता को 17 साल बाद क्यों फिर डराया?

आतंकवादी थोड़ा बहुत भाग तो सकते हैं मगर बच नहीं सकते, Lateef Bhat को जहन्नुम पहुँचा कर सुरक्षा बलों ने आतंक को दिया सख्त संदेश

CBIC लाएगा 70 लाख CGST करदाताओं के लिए फेसलेस और केंद्रीकृत आकलन का मसौदा

Cyclone Akwan: ओडिशा सरकार ने समुद्र तटों पर पर्यटन और मनोरंजक गतिविधियों को रोका