By Kusum | Sep 26, 2025
शुक्रवार का दिन एशिया कप 2025 के लिहाजा से बेहतरीन रहा। भारत ने एशिया कप 2025 के 18वें मुकाबले में सुपर ओवर में श्रीलंका को मात दी।दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए। जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका के शतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाकर मैच को टाई कराया। जिसके बाद सुपर ओवर के रोमांच में श्रीलंका की टीम दोनों विकेट गंवाकर महज 2 रन ही बना पाई जिसके बाद भारत ने एक गेंद में तीन रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर दिया।
फिलहाल, 203 रनों का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम को पहले ही ओवर में झटका लगा। कुसल मेंडिस खाता नहीं खोल सके और हार्दिक पंड्या के शिकार बन गए। वहीं इसके बाद कुसल परेरा ने पथुम निसांका के साथ मिलकर श्रीलंका को अच्छी साझेदारी दिलाई। लेकिन वह भी 32 गेंद में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाकर आउट हो गए। श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलंका चार रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप ने उन्हें पवेलियन भेजा। कमिंदु मेंडिस सात गेंद में महज 3 रन ही बना पाए। जबकि पथुम निसांका 58 गेंद में 107 रन बनाकर आउट हुए। दसुन शनाका ने 22 तो जनिथ ने 2 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत के लिए हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, हर्षित, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट लिया।
वहीं पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही। टीम को अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई। लेकिन गिल इस दौरान महज 4 रन बनाकर तीक्षणा के शिकार बन गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में विफल रहे और 12 रन ही बना सके। अभिषेक शर्मा ने 31 गेंद में 61 रन बनाए। अभिषेक को असलंका ने आउट किया। संजू सैमसन ने 23 गेंद में 39 रन बनाए। हार्दिक पंड्या तीन गेंद में दो रन ही बना सके। अक्षर पटेल ने 21 तो तिलक वर्मा ने 49 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से महीश तीक्षणा, दुश्मंता चमीरा, वानिंदु हसरंगा, दासून शनाका और चरित असलंका ने एक-एक विकेट लिया।