By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 19, 2020
संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के अस्थायी सदस्य के तौर पर चुना गया भारत अगस्त 2021 में 15 देशों वाली शक्तिशाली परिषद के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाएगा। हर सदस्य देश बारी-बारी से एक माह के लिए परिषद की अध्यक्षता करता है। संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता के कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार भारत अगले साल अगस्त में परिषद की अध्यक्षता करेगा। इसके बाद भारत 2022 में एक माह के लिए परिषद का अध्यक्ष बनेगा। अगले साल जनवरी में ट्यूनीशिया परिषद का अध्यक्ष बनेगा। इसके बाद ब्रिटेन, अमेरिका, वियतनाम, चीन, एस्तोनिया, फ्रांस, भारत, आयरलैंड, केन्या, मेक्सिको और नाइजर एक-एक महीने के लिए अध्यक्ष बनेंगे। उल्लेखनीय है कि भारत सुरक्षा परिषद के चुनाव में मिले जबरदस्त समर्थन की मदद से दो साल के लिए इसका अस्थायी सदस्य चुना गया है।