झूलन गोस्वामी को जीत से विदाई देने उतरेगा भारत, इंग्लैंड के तीन खिलाड़ी हैं चोटिल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 17, 2022

खेल के सबसे छोटे प्रारूप में लचर प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को अगर अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी को जीत के साथ विदाई देनी है तो उसे इंग्लैंड के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। भारत के लिए टी20 श्रृंखला अच्छी नहीं रही जिसमें उसने विशेष रूप से बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण में खराब प्रदर्शन किया।

टी20 टीम से बाहर की गई यास्तिका भाटिया पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव होगा। भारतीय बल्लेबाजी जहां स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर पर निर्भर रहेगी वहीं सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा को अपने प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी। झूलन इस श्रृंखला के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगी। वह इस श्रृंखला को यादगार बनाने की कोशिश करेगी लेकिन भारत के तेज गेंदबाजी विभाग की अन्य सदस्य प्रभावशाली प्रदर्शन करने में असफल रही हैं। हाल में रेणुका सिंह ने कुछ उम्मीद जगाई है लेकिन भारत अब भी स्पिनरों पर अधिक निर्भर है। पूजा वस्त्राकर, स्नेह राणा और दीप्ति शर्मा अपने प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह बनाने की हकदार हैं, लेकिन सवाल उठता है कि क्या अंतिम एकादश में विशेषज्ञों के बजाय तीन ऑलराउंडर को रखना सही विकल्प होगा।

यह श्रृंखला आईसीसी वनडे महिला चैंपियनशिप का हिस्सा होगी जिससे 2025 में होने वाले विश्वकप के क्वालीफायर का फैसला किया जाएगा। जहां तक इंग्लैंड का सवाल है तो नाइट की अनुपस्थिति में एमी जोन्स टीम की अगुवाई करेंगी। टी20 श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन करने वाली एलिस कैप्सी और फ्रेया केम्प को पहली बार वनडे टीम में जगह दी गई है। टीम इस प्रकार हैं:

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, सबिनेनी मेघना, दीप्ति शर्मा, तानिया भाटिया, यास्तिका भाटिया, पूजा वस्त्राकर, स्नेह राणा, रेणुका ठाकुर, मेघना सिंह, राजेश्वरी गायकवाड़, हरलीन देओल, दयालन हेमलता, सिमरन दिल बहादुर, झूलन गोस्वामी, जेमिमा रोड्रिग्स। इंग्लैंड: एमी जोन्स, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, मैया बाउचर, एलिस कैप्सी, केट क्रॉस, फ्रेया डेविस, एलिस डेविडसन रिचर्ड्स, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, फ्रेया केम्प, इस्सी वोंग, डैनी वाइट।

प्रमुख खबरें

आपका AC भी हो रहा बार-बार Trip? ये किसी बड़े Fault का Signal हो सकता है, न करें इग्नोर

Yogi राज की तरह Bengal में भी गैंगस्टरों पर टूट रहा पुलिस का कहर, Gangster Akash Singh को Police ने कच्छे में सड़कों पर घुमाया

पत्नी संग Taj Mahal पहुंचे US Senator Marco Rubio, बोले- ये दुनिया के प्रेम का खजाना है

Cockroach विवाद पर CJI Suryakant की वकीलों को नसीहत- इतना Emotional न हों, तत्काल सुनवाई से इनकार