By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 22, 2026
टी20 श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करके तीनों मैच जीतने वाली भारतीय महिला टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाली तीन मैच की वनडे श्रृंखला में भी अपना दबदबा कायम रखकर ‘क्लीन स्वीप’ करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी। स्मृति मंधाना के पूर्णकालिक कप्तान बनने के बाद भारत ने अच्छी शुरुआत करते हुए जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया। वनडे में मौजूदा विश्व चैंपियन भारतीय टीम से जिम्बाब्वे की अपेक्षाकृत कमजोर टीम के खिलाफ फिर से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत के पास अनुष्का शर्मा और निक्की प्रसाद जैसी युवा बल्लेबाज थी, वहीं वनडे में तीसरे नंबर पर हरलीन देओल और प्रतिका रावल को उतारा जा सकता है। यह दोनों खिलाड़ी हालांकि आक्रामक बल्लेबाज नहीं हैं और ऐसे में हरमनप्रीत पर रन रेट बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। हरमनप्रीत पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थी लेकिन उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 41 गेंदों में 10 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 91 रन बनाकर शानदार वापसी की।
शीर्ष क्रम में शानदार फॉर्म में चल रही शेफाली वर्मा जिम्बाब्वे के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं, जबकि गेंदबाजी विभाग में उसे श्री चरणी से सतर्क रहना होगा जिनके 10 ओवर महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। यह मंधाना की पूर्णकालिक वनडे कप्तान के रूप में पहली श्रृंखला होगी। उन्होंने अन्य बल्लेबाजों को मौका देने के उद्देश्य से अंतिम टी20 मैच में बल्लेबाजी नहीं की थी।
जहां तक जिम्बाब्वे की बात है तो तीनों टी20 मैच में हार के बावजूद उनके लिए कुछ सकारात्मक पहलू रहे। इनमें उनका शानदार क्षेत्ररक्षण और किसी भी मैच में ऑल आउट नहीं होना प्रमुख हैं। केलिस नधलोवु ने शीर्ष क्रम में अच्छा प्रदर्शन किया जबकि शार्ने मेयर्स ने अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 60 रन बनाए।
उन्होंने पहले मैच में 43 रन बनाए थे। गेंदबाजी में जिम्बाब्वे बिलव्ड बीजा और न्याशा ग्वांजुरा से टी20 की तरह ही प्रभावशाली प्रदर्शन करने की उम्मीद करेगा। टीम इस प्रकार हैं: भारत: स्मृति मंधाना (कप्तान), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हरलीन देयोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, तेजल हसब्निस, दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), हरमनप्रीत कौर, सयाली सतघरे, शेफाली वर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा।
जिम्बाब्वे: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), चिएद्ज़ा धुरुरू (विकेटकीपर), शार्ने मेयर्स, मोडेस्टर मुपाचिक्वा (विकेटकीपर), बिलव्ड बीज़ा, न्याशा ग्वांज़ुरा, मिशेल मावुंगा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, ओलिन्दर चारे, कुदज़ई चिगोरा, फ्रांसिस्का चिपारे, तेंडाई मकुशा, लोरिन फिरी, नोमवेलो सिबांडा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे शुरू होगा।