वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत को WTC Final की राह में लगा झटका, अंक तालिका में चौथे स्थान पर फिसला

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में सोमवार को मुकाबला ड्रॉ रहने से भारत की अगले साल होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। पांचवें और आखिरी दिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने पूरे दिन संघर्ष करते हुए भारतीय टीम को जीत से वंचित कर दिया। मैच में एक घंटे का खेल शेष रहते दोनों टीमों के कप्तान शुभमन गिल और टॉम लैथम ने ड्रॉ पर सहमति जताई।

उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 239 रन था। इस नतीजे के बाद डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत 50 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। दो मैचों की टेस्ट शृंखला से पहले भारत का अंक प्रतिशत 51.52 था।

भारत को मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र (2024-27) में अब छह टेस्ट मैच और खेलने हैं। इनमें एक टेस्ट क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ और पांच टेस्ट जनवरी-फरवरी 2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेले जाएंगे। अंक तालिका में दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 69.23 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और न्यूजीलैंड 66.67 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

इस स्थिति में भारत को फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बाकी सभी छह टेस्ट जीतने होंगे। ऐसा करने पर उसका अंक प्रतिशत 66.67 हो जाएगा। सभी छह टेस्ट जीतने के बावजूद भारत शीर्ष दो टीमों से पीछे रह सकता है और उसे दूसरी टीमों के खराब प्रदर्शन की भी उम्मीद करनी होगी।

भारत अगर बाकी छह टेस्ट में से पांच जीतता है और एक मैच ड्रॉ रहता है, तो उसका अंक प्रतिशत 62.96 होगा जबकि पांच जीत और एक हार की स्थिति में यह घटकर 61.11 रह जाएगा। ऐसे में भारत के लिए फाइनल की उम्मीदें बरकरार रखने का एकमात्र रास्ता सभी छह मुकाबलों में जीत हासिल करना है। इसके साथ ही अगले कुछ महीनों में उसे अन्य टीमों के नतीजे भी अपने पक्ष में आने की उम्मीद करनी होगी।

मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका की स्थिति सबसे मजबूत है। उसे अपने बाकी पांच टेस्ट मैचों में से केवल तीन में जीत दर्ज करनी है। इन पांच मुकाबलों में बांग्लादेश के खिलाफ भी एक टेस्ट भी शामिल है।

यह टेस्ट सोमवार को सेंचुरियन में शुरू हुआ।

प्रमुख खबरें

पूर्व सीएम Arjun Munda की मां का निधन, BJP का जनजातीय गौरव दिवस सम्मेलन टला

Asia Power Index: कूटनीति में भारत का दबदबा, BJP नेता Ravi Shankar Prasad ने विपक्ष को घेरा

ASRB में Technical Assistant के 1393 पदों पर भर्ती, फरवरी 2027 में होगा CBT Exam

IIT, क्रिकेट से लेकर कांडला पोर्ट तक: जानिए बालेन शाह की वो 5 बड़ी ख्वाहिशें जिन्हें पूरा कर रहा भारत