Indian Air Ambulance की Dhaka में Emergency Landing, 56 वर्षीय महिला मरीज की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 19, 2026

अगरतला से कोलकाता जा रही भारत की एक एयर एंबुलेंस का दरवाजा बीच हवा में आंशिक रूप से खुल जाने के बाद उसे बांग्लादेश में आपात स्थिति में उतारा गया। हालांकि, एयर एंबुलेंस में सवार भारतीय महिला की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।

विमान में दो पायलट, एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक और मरीज के साथ आए दो अन्य लोगों समेत सात लोग सवार थे। समाचारपत्र ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, मरीज की पहचान 56 वर्षीय अंजना भौमिक के रूप में हुई है। उन्हें कुर्मिटोला मल्टीकेयर स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

खबर में कहा गया है कि विमान में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। यह भी पता नहीं चला है कि उनकी मौत विमान में आई तकनीकी खराबी से जुड़ी थी या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय जटिलता थी।

समाचारपत्र ‘द डेली स्टार’ के अनुसार, हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्यकारी निदेशक के प्रवक्ता मोहम्मद रियाजउद्दीन ने बताया कि उड़ान के दौरान विमान में यांत्रिक खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसका दरवाजा खुल गया। हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कमरुल हसन तालुकदार ने बताया कि भौमिक की रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम चार बजकर 40 मिनट पर अस्पताल में मौत हो गई। बीएसएस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग के लिए आवश्यक मंजूरी नहीं होने के बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर एयर एंबुलेंस की मदद की।

खबर में कहा गया है कि ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने आवश्यक राजनयिक औपचारिकताएं पूरी करने में बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ समन्वय किया। ‘द डेली स्टार’ के अनुसार, भारत की एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित यह विमान मंजूरी से जुड़े मुद्दों को सुलझाए जाने के प्रयासों के बीच ढाका हवाई अड्डे पर रुका है।

प्रमुख खबरें

Nobel Peace Prize विजेता Navi Pillay को बधाई न देने पर Shashi Tharoor ने केंद्र को घेरा

Mona Agarwal ने Asian Para Games में जीता गोल्ड, हमवतन अवनि को पछाड़कर बनाया रिकॉर्ड

Jaishankar और Chidambaram की भिड़ंत देखकर मजा आ जायेगा ! Regime Change को लेकर दोनों के बीच हुई गर्मागर्म बहस से चढ़ गया सियासी पारा

UP Election 2027: संविधान दिवस पर Akhilesh Yadav जारी करेंगे SP का जन-मन घोषणापत्र