By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 12, 2021
वाशिंगटन। अमेरिका में बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकियों ने नदी के तटों, तलाबों और अस्थायी जलाशयों पर एकत्रित होकर छठ पूजा की। कोविड-19 के कारण पिछले साल छठ पूजा के लिए कम संख्या में लोग एकत्रित हुए थे, लेकिन इस साल बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यह त्योहार मनाया। इसके लिए कई लोगों ने कई मील का सफर भी तय किया। वाशिंगटन के वर्जीनिया उपनगर में, 400 से अधिक भारतीय-अमेरिकी लोगों ने बुधवार शाम और बृहस्पतिवार सुबह पोटोमैक नदी के तट पर सूर्यास्त तथा सूर्योदय के समय सूर्य की पूजा की।
एरिज़ोना, अर्कांसस, पेनसिल्वेनिया, फ्लोरिडा, टेक्सास के अलावा, इस वर्ष कनेक्टिकट में भी इसे मनाया गया और बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकियों वहां पहुंचे। अधिकांश समारोह स्थल पर समुदाय के सदस्यों ने खाना और प्रसाद भी स्वयं ही बनाया। ‘बिहार फाउंडेशन’ ने छठ मनाते कुछ लोगों की तस्वीरें साझा की और कहा, ‘‘ त्योहारों की तरह लोगों को कोई करीब नहीं ला सकता। अमेरिका में भारतीय प्रवासी, मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से नाता रखने वाले लोगों ने उत्तरी कैरोलाइना में छठ घाट पर इस त्योहार को मनाया।’’ फाउंडेशन ने पूरे अमेरिका और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में मनाए गए छठ समारोह की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए। ‘बिहार फाउंडेशन’, बिहार सरकार की एक पहल है, जिसकी शुरुआत राज्य और प्रवासियों के बीच सम्पर्क को कायम करने के लिए की गई है।
Stay updated with International News in Hindi on Prabhasakshi