भारतीय सेना 140 करोड़ भारतवासियों के गौरव का प्रतीक है : Yogi Adityanath

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 10, 2024

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय सेना 140 करोड़ भारतवासियों के गौरव का प्रतीक है और सेना के शौर्य व पराक्रम पर कोई भी भारतीय संदेह नहीं करता। मुख्‍यमंत्री ने 11 गोरखा राइफल रेजीमेंटल सेंटर में आयोजित ‘किरांति शौर्य समारोह’ को संबोधित करते हुए ये बात कही। योगी ने इस मौके पर सैनिकों के हैरतअंगेज करतब भी देखे। बच्चों ने कराटे व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। 

भारतीय सेना के अदम्य साहस के गौरवशाली क्षण को देख योगी भी अभिभूत हो गए।मुख्‍यमंत्री ने वीर नारियों को सम्मानित भी किया और रेजीमेंटल सेंटर के सफलतापूर्वक 75 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी। मुख्‍यमंत्री ने कहा,‘‘ वीर व पराक्रमी जवानों की 11वीं गोरखा रेजीमेंट लखनऊ में है। अपनी स्थापना के बाद कई युद्ध लड़े हैं, वर्ष 1983 में लखनऊ में आने के बाद इस रेजीमेंट ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। यहां के वीर जवानों ने शौर्य व पराक्रम से इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कराया है, इस रेजीमेंट ने देश को कैप्टन मनोज पांडेय जैसे शूरवीर दिए हैं।’’ 

उन्‍होंने कहा कि प्रदेश सरकार सेवारत, सेवानिवृत्त सैनिकों व वीर नारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सीमाओं पर सुरक्षा में प्राणों की आहूति देने वाले सैनिकों के परिजनों को प्रदेश सरकार 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि व सरकारी नौकरी की व्यवस्था भी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गोरखपुर में प्रदेश के पांचवें सैनिक स्कूल के निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित करने का अभियान प्रारंभ किया है। पहली जनवरी को वृंदावन मथुरा में रक्षा मंत्री ने समविद गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल का उद्घाटन किया गया है। 

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी के चुनौतियों के अनुरूप वीर सपूतों के शिक्षण व प्रशिक्षण के लिए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की स्थापना की है। इसका एक परिसर लखनऊ में प्रारंभ हो चुका है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि 2018 में जीआईएस का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री ने उप्र में ‘डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर’ की स्थापना की घोषणा की थी। राज्य सरकार इसके निर्माण कार्य को तेजी से बढ़ा रही है। इस कार्यक्रम में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र और अन्य लोग उपस्थित रहे।

प्रमुख खबरें

Karwa Chauth 2026: पूजा थाली में मिट्टी के करवे से लेकर छलनी तक रखें ये सामग्री

इधर Rajnath Singh ने पाकिस्तान को चेताया, उधर Rajasthan BJP अध्यक्ष Madan Rathore बोले- हम Pakistan के साथ खड़े होंगे!

Elon Musk की Starlink का स्वागत, रिलायंस बोली- प्रतिस्पर्धा से डर नहीं लेकिन कानून मानना होगा

Rajeev Khandelwal Birthday: TV सीरियल Kahiin To Hoga से Bollywood तक ऐसा रहा सफर