Banking Jobs 2024: इंडियन बैंक में 2500 पदों पर होगी भर्ती, 100 नई Branches खोलकर बैंक बढ़ाएगा अपनी मौजूदगी

By Ankit Jaiswal | Aug 30, 2026

इंडियन बैंक ने चालू वित्त वर्ष में देशभर में करीब 100 नई शाखाएं खोलने की योजना बनाई है। बैंक का विशेष जोर मध्य और पश्चिमी भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर रहेगा। इसके साथ ही कारोबार के विस्तार और सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की जगह भरने के लिए करीब 2,500 नई भर्तियां भी की जाएंगी।

मौजूद जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 तक इंडियन बैंक की देश में 6,003 शाखाएं थीं। इसके अलावा सिंगापुर, कोलंबो और जाफना में तीन विदेशी शाखाएं तथा गांधीनगर में एक अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र बैंकिंग इकाई है। इलाहाबाद बैंक के 2020 में इंडियन बैंक में विलय के बाद पूर्वी भारत और उत्तर प्रदेश में बैंक का नेटवर्क काफी मजबूत हुआ है। अब बैंक मध्य और पश्चिमी भारत में अपनी पहुंच बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है।

कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने को लेकर बिनोद कुमार ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में करीब 2,500 लोगों की भर्ती की जाएगी। इसमें विशेषज्ञ अधिकारियों की नियुक्ति भी शामिल होगी। जून के अंत तक बैंक में कुल 41,875 कर्मचारी कार्यरत थे। नई भर्ती का एक उद्देश्य कारोबार बढ़ाने के साथ सेवानिवृत्ति के कारण खाली होने वाले पदों को भरना भी है।

गौरतलब है कि बैंक अपनी संपत्तियों की गुणवत्ता को लेकर भी कुछ लक्ष्य तय कर रहा है। बैंक की योजना चालू वित्त वर्ष के अंत तक सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों को कुल कर्ज के 1.5 से 1.6 प्रतिशत और शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों को 0.15 से 0.20 प्रतिशत तक लाने की है। इसके अलावा करीब 200 करोड़ रुपये के खराब कर्ज को परिसंपत्ति पुनर्गठन कंपनी को बेचने की योजना है।

सोने के बदले दिए जाने वाले कर्ज को लेकर भी बैंक को अच्छी वृद्धि की उम्मीद है। फिलहाल इंडियन बैंक का स्वर्ण कर्ज कारोबार करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये का है और चालू वित्त वर्ष में इसके 1.5 लाख करोड़ रुपये से ऊपर जाने का अनुमान है। बिनोद कुमार के मुताबिक पिछले साल इस कारोबार में करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। सोने की कीमतों में बदलाव के कारण इस साल वृद्धि की रफ्तार कुछ कम रह सकती है, लेकिन मात्रा के आधार पर करीब 20 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है।

बैंक के कुल कर्ज में खुदरा, कृषि और छोटे तथा मध्यम कारोबार से जुड़े कर्ज की हिस्सेदारी करीब 65 प्रतिशत है, जबकि बड़े कारोबारी कर्ज की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत है। बैंक आगे भी इसी अनुपात को बनाए रखते हुए कृषि और छोटे कारोबार के क्षेत्र में कर्ज बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है।

प्रमुख खबरें

Ashwini Vaishnaw और मोहन यादव ने Madhya Pradesh में दो नए रेलखंड राष्ट्र को समर्पित किए

शहरी नियोजन में शुरू से जुड़े Urban Transport, आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार: Manohar Lal

Delhi Police Headquarters पहुंचे Amit Shah, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की 3 घंटे समीक्षा

Air India और एक्सप्रेस ने Saudi Arabia की उड़ानें 7 नवंबर तक रोकीं