flydubai विमान में सह-पायलट का हमला, भारतीय Captain ने बचाई 174 यात्रियों की जान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 01, 2026

फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान के भारतीय कैप्टन ने तब एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया जब वह विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ गया। इस घटना के चलते विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। हालांकि इस घटना के कुछ घंटों के बाद यात्री फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से तेल अवीव लौट गये।

इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू घोंप दिया और ऐसा लगता है कि उसने (हमलावर पायलट) ने यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की। नेतन्याहू ने कहा, ‘‘उड़ान के दौरान, जब वे इज़राइल की तरफ आ रहे थे, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया और ज़ाहिर तौर पर यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की।’’ उन्होंने बताया कि एक इज़राइली यात्री ने उन्हें जानकारी दी कि विमान घूमने लगा और नीचे की ओर जाने लगा, जिसके बाद यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में घुसने और उस पायलट को काबू करने में सफल रहे जिसने चाकू मारा था, और जो विमान की संचालन प्रणाली को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था। नेतान्याहू के अनुसार, इसके बाद चालक दल का एक और सदस्य कॉकपिट में घुसा और उसने विमान को स्थिर करने में मदद की।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई जिंदगियां बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।’’ उन्होंने कहा कि विमान सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि चाकू से हमला करने वाले पायलट को गिरफ़्तार कर लिया गया है और सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने सऊदी अरब के तबुक की ओर मुड़ने से पहले आपातकालीन सिग्नल भेजे और तेज़ी से नीचे की ओर जाने लगी। तबुक हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि दोनों पायलट घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फ्लाईदुबई ने पुष्टि की कि उड़ान के दौरान विमान में एक घटना हुई और यह तबुक में सुरक्षित रूप से उतर गया।

एयरलाइन ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, एयरलाइन ने अपनी ओर से पायलटों की पहचान या राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया है। इज़राइली अधिकारियों को विमान के अपहरण की आशंका हुई और उन्होंने लड़ाकू विमान भेजे।

घटना की जांच जारी है। इस घटना के बारे में यात्रियों के बयान भी इज़राइली मीडिया में सामने आए। ज़्विका मेनेस नाम के एक यात्री ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद करने का दावा किया।

उसने इज़राइल के अख़बार ‘कैल्केलिस्ट’ को बताया कि उनके और दूसरों के दखल देने से पहले उनकी पत्नी ने कॉकपिट के पास चिल्लाने और चीखने की आवाज़ें सुनी थीं। वहीं, एक और यात्री डेलिया श्पिगेल ने इज़राइली अख़बार ‘हारेत्ज’ को बताया कि ‘‘तीन से पांच लोगों के कॉकपिट में घुसने’’ और हमलावर को काबू करने से पहले ‘‘पूरे विमान में ज़ोर-ज़ोर से चीखने-चिल्लाने की आवाज़ें आ रही थीं।’’ वाईनेट के अनुसार, उड़ान में 27 बच्चों सहित 174 यात्री सवार थे। ‘बीबीसीवैरिफाई’ के उड़ान-ट्रैकिंग डेटा के विश्लेषण से पता चला कि विमान लगभग 34,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, फिर अचानक लगभग 17,000 फुट नीचे आ गया, 5,000 फुट ऊपर गया और फिर 7,000 फुट नीचे आकर लगभग 15,000 फुट की ऊंचाई पर स्थिर हो गया - और यह सब पांच मिनट से भी कम समय में हुआ।

इज़राइली रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज ने कहा कि विमान में हुई घटना ‘‘जिहादी आतंकवादी हमले की कोशिश थी, जिसे कई इज़राइली यात्रियों की बहादुरी की वजह से नाकाम कर दिया गया; उन्होंने कॉकपिट में घुसकर आतंकवादी को काबू में कर लिया।’’ इजराइल के विपक्षी नेता यायर लैपिड ने सोशल मीडिया मंच एक्स के माध्यम से कहा कि विदेशों में बढ़ी आतंकवादी गतिविधियों को लेकर उन्हें ‘फ्लाईदुबई’ घटना से पहले दी गई चेतावनी का विमान में हुई घटना से कोई संबंध नहीं है। वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच ने ‘‘विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने और 180 इजराइली नागरिकों की हत्या करने की कोशिश करने वाले’’ व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वीडियो क्लिप में फ्लाईदुबई विमान में सवार यात्रियों को विमान के अगले हिस्से की ओर जाते हुए देखा जा सकता है, जबकि अन्य लोगों को चिल्लाते हुए और यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि क्या हुआ है।

इज़राइल में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में, एक आदमी, जिसके चेहरे पर खून लगा है, खुद का वीडियो बनाते हुए यह कहते सुनाई देता है, ‘‘हम यहां हैं- विमान में - हमने अभी-अभी आतंकवादियों पर काबू पा लिया है। हम उतरने वाले हैं। जो कोई भी मुझे सुन रहा है: हमें मदद की ज़रूरत है।

हम ताबुक में उतर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

SGPC ने आनंदपुर साहिब मामले में Punjab Govt से की CBI जांच की मांग

Kerala: Thiruvananthapuram में Youth Congress और SFI कार्यकर्ताओं में झड़प, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

MP High Court ने जन्मतिथि बदलने का सीएमओ आदेश किया निरस्त

Sambhal Violence: Supreme Court से NSA रद्द होने के बाद मुरादाबाद जेल से रिहा हुआ अफरोज