Samarkand में Chess Olympiad के लिए पहुंची भारतीय टीम को होटल के कमरे मिलने में हुई देरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 15, 2026

गत चैंपियन भारत को मंगलवार को शतरंज ओलंपियाड के लिए समरकंद पहुंचने के बाद अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा और खिलाड़ियों को करीब पांच घंटे की देरी के बाद होटल में कमरे दिए गए। भारत की पुरुष और महिला टीम 16 से 27 सितंबर तक होने वाले फिडे टूर्नामेंट के लिए उज्बेकिस्तान के इस शहर में पहुंची हैं। उन्हें कमरों के लिए उम्मीद से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा।

श्रीनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘फिडे शतरंज 2026 ओलंपियाड में बेहद खराब अनुभव रहा है। टीम पांच घंटे पहले समरकंद हवाई अड्डे पर पहुंची थी। अभी तक टीम को कमरे आवंटित नहीं किए गए हैं और यह भी स्पष्ट नहीं है कि कमरे कब मिलेंगे।’’ गुजराती ने लिखा, ‘‘समरकंद, उज्बेकिस्तान ओलंपियाड 2026 का बेहद खराब अनुभव।

अब भी इंतजार कर रहे हैं।’’ आवास संबंधी समस्या केवल भारतीय दल तक सीमित नहीं रही। ऑस्ट्रिया के ग्रैंडमास्टर फेलिक्स ब्लोहबर्गर और वेल्स के खिलाड़ी जोनाथन ब्लैकबर्न ने भी इसी तरह की शिकायतें कीं। ब्लोहबर्गर ने श्रीनाथ की ‘एक्स’ पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा, ‘‘हमारे साथ भी ऐसा ही हुआ।

हम कल सुबह छह बजे होटल पहुंचे थे और हमारे कप्तान को दोपहर एक बजकर 30 मिनट पर कमरा मिला।’’ ब्लैकबर्न ने मंगलवार को लिखा, ‘‘37 घंटे से जाग रहा हूं, दो उड़ानें लीं और दुनिया के आधे हिस्से का सफर तय किया, लेकिन यहां पहुंचकर पता चला कि उस रात के लिए होटल में कमरा नहीं है। आखिरकार अपने कमरे में हूं। इसके लिए इंतजार करना सार्थक रहा।’’ उज्बेकिस्तान शतरंज महासंघ के उपाध्यक्ष अलीशेर सादुल्लायेव ने कहा कि समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।

सादुल्लायेव ने ‘चेसबेस इंडिया’ से कहा, ‘‘मैंने भारतीय टीम से बात की है। नियमों के अनुसार एक निश्चित समय पर चेक-इन की योजना पहले से थी। हालांकि फिडे टीम और समन्वय टीम ने अब सब कुछ व्यवस्थित कर लिया है और मेरा मानना है कि स्थिति अब ठीक हो गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि यह समस्या जल्द सुलझ जाएगी और कल से खिलाड़ी आराम से आकर अपने मुकाबले खेल सकेंगे।’’ भारतीय पुरुष टीम में विश्व चैंपियन डी गुकेश, ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा, अर्जुन एरिगेसी, निहाल सरीन और गुजराती शामिल हैं।

ग्रैंडमास्टर श्रीनाथ नारायणन टीम के कप्तान हैं। महिला टीम में कोनेरू हम्पी, आर वैशाली, दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल और सविता श्री बी शामिल हैं जबकि स्वयम्स मिश्रा टीम के कप्तान हैं। पांच पुरुषों और पांच महिलाओं वाली दोनों भारतीय टीम गत चैंपियन हैं।

उन्होंने 2024 में क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग के खिताब जीतकर इतिहास रचा था।

प्रमुख खबरें

Kishau Dam Project पर 6 राज्यों ने किए दस्तखत, Amit Shah बोले- 10वां जल विवाद सुलझा

AI के आर्थिक और सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए साथ आएंगी OpenAI और Google DeepMind

Nepal के नक्शे में शामिल Lipulekh और Kalapani पर बोले विदेश मंत्री, यह कोई बोझ नहीं

PM Modi के 25 साल पूरे होने पर Vadnagar से Varanasi तक निकलेगी बाइक रैली, Amit Shah करेंगे शुरुआत