Indian Coast Guard ने अरब सागर में पकड़ी ईरानी नौका, 3000 करोड़ रुपये के Drugs जब्त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 30, 2026

भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) के साथ संयुक्त अभियान में अरब सागर में एक ईरानी नौका से 3,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 526 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और हेरोइन जब्त की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा कि 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पास चलाए गए अभियान के दौरान नौका पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी हिरासत में लिया गया।

उसने बताया कि नौका, उसके चालक दल और जब्त किए गए मादक पदार्थों को सशस्त्र सुरक्षा के बीच पूछताछ तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई लाया गया है। यह अभियान गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते के समन्वय में चलाया गया। राज्य एटीएस ने भी पांच पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है।

एटीएस आज अभियान के संबंध में मीडिया को जानकारी देगा। यह जब्ती ऐसे समय हुई है जब सुरक्षा एजेंसियां समुद्री मार्ग के जरिए होने वाली अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयास तेज कर रही हैं। तटरक्षक बल ने कहा कि यह अभियान उसकी निगरानी और समुद्री मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने की क्षमता तथा भारत के समुद्री क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों को रोकने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बल ने कहा कि इस जब्ती से अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोहों के वित्तीय नेटवर्क को बाधित करने और सिंथेटिक मादक पदार्थों को देश में पहुंचने से रोकने में मदद मिलेगी।

प्रमुख खबरें

भारत-पाक के बीच फिर तनाव? पाकिस्तान ने रची समुद्र में भारत के खिलाफ गंदी साजिश! गुजरात ATS और कोस्ट गार्ड सीना तान के खड़े हुए

Donald Trump और शीर्ष Tech CEOs ने AI निगरानी के लिए स्वैच्छिक समझौते पर किए हस्ताक्षर

INDIA Alliance Meeting | चुनाव आयोग के खिलाफ रणनीति बनाने दिल्ली में जुटेगा इंडिया गठबंधन, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने के प्रस्ताव पर होगी चर्चा

मुश्किल में पड़ते ही 108 एम्बुलेंस की तरह अजमल को बुलाते हैं हिमंत, Gaurav Gogoi का BJP-AIUDF के गुप्त गठबंधन पर करारा हमला