By अभिनय आकाश | Oct 16, 2026
रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद उड़ानों में रुकावटें जारी हैं। इसे देखते हुए, भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को फिर से सलाह दी है कि वे स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और किसी भी हवाई हमले के दौरान घर के अंदर ही रहें। रियाद में भारतीय दूतावास ने एक अपडेटेड एडवाइजरी में बताया कि 10 अक्टूबर के हमले में घायल हुए छह भारतीय नागरिक अभी भी अस्पताल में हैं। इनमें से दो लोग इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में हैं, एक हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) में है और तीन लोग जनरल वार्ड में हैं। रियाद का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उड़ानों के लिए बंद है। दूतावास ने बताया कि दम्मम, जेद्दा और मदीना के हवाई अड्डे चालू हैं, हालांकि वहां अभी भी कुछ रुकावटें आ रही हैं।
सऊदी अरब की यात्रा (उमराह सहित) की योजना बना रहे लोगों को सलाह दी गई है कि वे सऊदी हवाई अड्डों पर जारी व्यवधानों और उड़ानों के रद्द होने की संभावना को ध्यान में रखें, जिसके कारण उन्हें वहां लंबे समय तक रुकना पड़ सकता है। दूतावास ने कहा मौजूदा हालात को देखते हुए, सभी भारतीय नागरिकों को स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना चाहिए। हवाई हमले की स्थिति में घर के अंदर ही रहें, और चल रही घटनाओं से जुड़ी किसी भी जानकारी, फोटो या वीडियो को रिकॉर्ड करने, प्रकाशित करने या साझा करने से बचें। दूतावास ने बताया कि यह नई सलाह हाल ही में जारी किए गए दिशा-निर्देशों का ही हिस्सा है। इसमें भारतीय नागरिकों से कहा गया है कि हवाई हमलों के दौरान वे घर के अंदर रहें और यात्रा की योजना बनाते समय उड़ानों में संभावित रुकावटों को भी ध्यान में रखें।