रवांडा में कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया पहला मरीज भारतीय

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 14, 2020

किगाली सिटी। अफ्रीकी देश रवांडा में कोरोना वायरस से संक्रमण के पहले मामले की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि संक्रमित मरीज भारतीय नागरिक है। रवांडा के स्वास्थ्य मंत्रालय की विज्ञप्ति के मुताबिक संक्रमित व्यक्ति आठ मार्च को मुंबई से यहां आया था।

मंत्रालय ने ट्वीट किया, ‘‘रवांडा आने पर मरीज में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे लेकिन 13 मार्च को उसने अस्पताल जाकर स्वयं लक्षण की जानकारी दी, जहां पर तुरंत जांच की गई।’’ विज्ञप्ति में कहा गया कि मरीज का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है, उसे अन्य मरीजों से पृथक रखा गया है। मंत्रालय ने बताया कि आगे के प्रबंधन के लिए उन लोगों का पता लगाया जा रहा है जो मरीज के संपर्क में आए थे। उल्लेखनीय है कि पूर्वी अफ्रीका में कोरोना वायरस से संक्रमण का यह दूसरा मामला है। इससे पहले केन्या में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के पहले मामले की पुष्टि हुई थी।

इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में हर्ष फायरिंग में बिजली का तार टूटा एक व्यक्ति की मौत, पांच घायल

रवांडा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी नागरिकों को सलाह दी है कि वे स्वास्थ्य एजेंसियों के निर्देशों का अनुपालन जारी रखें, नियमित तौर पर हाथ साफ करें, बड़े समूह में एकत्र होने से बचें और लक्षण सामने आने पर टोल फ्री नंबर 114 पर संपर्क करें। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष दिसंबर में चीन के वुहान से फैले संक्रमण से अब तक 110 से अधिक देशों के एक लाख 34 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं और करीब पांच हजार लोगों की मौत हुई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बुधवार को कोरोना वायरस के संक्रमण को वैश्विक महामारी घोषित किया था। वहीं, भारत में कोरोना वायरस के 83 मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें से दो मरीजों की मौत हो चुकी है।

प्रमुख खबरें

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का 27 सितंबर से Bengal दौरा, पार्टी संगठन की लेंगे बैठकें

पारिवारिक मामलों में ADR और अदालतें साथ मिलकर काम करें: Justice BV Nagarathna

Priyanka Gandhi ने Wayanad में विकास योजनाओं और सांसद निधि के काम की समीक्षा की

Gujarat के Kandla में 2,300 करोड़ रुपये से बनेगा देश का पहला बंदरगाह आधारित E-Methanol Plant