Biopic बने तो मेरा किरदार निभाएं Priyanka Chopra, बोलीं गोलकीपर Savita Punia

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 16, 2026

 भारतीय महिला हॉकी की दीवार कही जाने वाली सबसे अनुभवी खिलाड़ी सविता पूनिया का जीवन संघर्षों पर जुनून की जीत की अनूठी कहानी है और उनका मानना है कि अगर इस पर कोई बायोपिक बनती है तो वह प्रियंका चोपड़ा को मुख्य भूमिका में देखना चाहेंगी। इस साल विश्व कप में भारतीय महिला हॉकी टीम ने 1974 के बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। फिर इस महीने जापान में एशियाई खेलों में 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिये क्वालीफाई किया जिसमें धुरंधर गोलकीपर सविता की अहम भूमिका रही। 

अपनी मम्मी की बीमारी के कारण पांचवीं कक्षा से घर संभालने से लेकर गाय-भैंसों की देखभाल तक सारे काम करने वाली सविता को आम लड़कियों की तरह सजना संवरना पसंद नहीं है, लेकिन वह किताबें पढने की शौकीन हैं। हॉकी से इतर शौक के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ‘‘मुझे किताबें पढना और संगीत सुनना पसंद है। दिन की शुरूआत हनुमान चालीसा से करती हूं। फिल्में ज्यादा नहीं देखती। 

शायद आज तक आठ या नौ फिल्में देखी होंगी, जिसमें आखिरी फिल्म दीपिका पादुकोण की ‘छपाक’ थी।’’ पिछले दो दशक से अधिक समय से हॉकी खेल रहीं सविता ने कहा कि महिला खिलाड़ियों का संघर्ष अलग तरह का होता है, लेकिन भारतीय महिला हॉकी में नये कोचिंग स्टाफ के साथ अब खुलकर बात करने से इनसे पार पाना आसान हो गया है।

 उन्होंने कहा, ‘‘यह सच है कि एक महिला खिलाड़ी की चुनौतियां पुरूषों से अधिक होती हैं। मसलन पीरियड्स के दौरान कई खिलाड़ी चल भी नहीं पातीं, लेकिन प्रतियोगिता के दौरान रेस्ट भी नहीं ले सकतीं। नये कोचिंग स्टाफ के आने के बाद अब इस पर भी काम किया गया है कि इसे कैसे हैंडिल किया जाये, इसके लिये खास डाइट, खास व्यायाम बनाए गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह अच्छी बात है कि अब महिला खिलाड़ी खुलकर इस पर बात करने लगी हैं, जबकि कुछ साल पहले तक इसे लेकर टैबू था। अब हम इसे अतिरिक्त ताकत समझकर खेलते हैं।’’

प्रमुख खबरें

CJP प्रदर्शन पर CM Yogi ने विपक्ष को घेरा, कहा- सत्ता जनादेश से मिलती है, अराजकता से नहीं

Supreme Court ने Talaq-e-Hasan और एकतरफा तलाक नियमों पर केंद्र से मांगा जवाब

अखिलेश यादव ने SSR को लेकर BJP पर साधा निशाना, कहा- EC के जरिए रची जा रही साजिश

घने जंगल, जयपुर राजघराना और तिरंगा मार्च: किसके हक की थी वो जमीन जहां आज है CP का सेंट्रल पार्क?