By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 03, 2026
नागोया, तीन अक्टूबर भारतीय कुराश खिलाड़ी यश कुमार चौहान एशियाई खेलों में 27 सितंबर को प्रतियोगिता के दौरान लिये गए नमूने में प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के दोषी पाये गए हैं और उन्हें तुरंत प्रभाव से अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया गया है। एशियाई ओलंपिक परिषद ने शनिवार को एक बयान में कहा ,‘‘ एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) की ओर से अंतराष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) ने रिपोर्ट दी है कि कुराश खिलाड़ी यश कुमार चौहान (भारत) प्रतिबंधित पदार्थ मेंटेंडिएनोन मेटाबोलाइट्स, जीडब्ल्यू1516 मेटाबोलाइट्स , मेफेंटरमाइन और इसके मेटाबोलाइट के सेवन के दोषी पाये गए हैं।’’ विश्व डोपिंग रोधक एजेंसी (वाडा) की प्रतिबंधित पदार्थों की सूची में मेटेंडिएनोन को एस 1.1 एनाबोलिक एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड (एएएस) के तौर पर प्रतिबंधित किया गया है। यह हर समय (मुकाबले के दौरान और उसके बाहर भी) प्रतिबंधित है और यह एक अनिर्दिष्ट पदार्थ है।