भारतीय नौसेना ने 2500 किग्रा. मादक पदार्थ बरामद किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 02, 2025

भारतीय नौसेना के अग्रणी युद्धपोत आईएनएस तरकश ने पश्चिमी हिंद महासागर में 2,500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि आसपास के सभी संदिग्ध जहाजों या नौकाओं से पूछताछ करने के बाद आईएनएस तरकश ने पी8आई समुद्री निगरानी विमान और मुंबई में समुद्री परिचालन केंद्र के साथ मिलकर एक संदिग्ध नौका को रोका और उसमें सवार हो गये।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा, जहाज ने संदिग्ध नौका की गतिविधियों पर नजर रखने और क्षेत्र में संभावित रूप से संचालित अन्य जहाजों की पहचान करने के लिए अपने हेलीकॉप्टर को भी भेजा।

अधिकारी ने बताया कि मरीन कमांडो के साथ एक विशेषज्ञ टीम नौका पर सवार हो गयी और गहन तलाशी ली जिसके परिणामस्वरूप कई सीलबंद पैकेट बरामद हुए। उन्होंने बताया कि तलाशी और पूछताछ में पता चला कि जहाज पर विभिन्न कार्गो होल्ड और डिब्बों में 2,500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ (जिसमें 2,386 किलोग्राम हशीश और 121 किलोग्राम हेरोइन शामिल है) रखे हुए थे।

प्रवक्ता ने बताया कि संदिग्ध नौका को बाद में आईएनएस तरकश के नियंत्रण में लाया गया और चालक दल के सदस्यों से उनकी कार्यप्रणाली और क्षेत्र में अन्य समान जहाजों की मौजूदगी के बारे में विस्तृत पूछताछ की गई।

प्रमुख खबरें

Deoghar में फर्जी सरकारी लिंक और कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार

Yemen में तेज हुआ संघर्ष, हूतियों ने Saudi Arabia पर मिसाइल और ड्रोन दागे

ठाणे में नाबालिग छात्रा का यौन उत्पीड़न करने वाला मेडिकल प्रतिनिधि अमित प्रजापति गिरफ्तार

CPI ने BRICS घोषणापत्र का किया स्वागत, वैश्विक व्यवस्था में सुधार की वकालत की