By अभिनय आकाश | Mar 27, 2023
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने लंदन के पार्लियामेंट स्क्वायर में गांधी प्रतिमा पर लंदन में एक सांसद के रूप में राहुल गांधी की अयोग्यता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की तरफ से केंद्र के कदम को 'अलोकतांत्रिक', 'असंवैधानिक' और 'असंसदीय' बताया। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख कमल धालीवाल ने कहा कि राहुल गांधी को अयोग्य ठहराना लोगों में डर पैदा करने का एक प्रयास है, यह दिखाने के लिए कि अगर आप सरकार या भाजपा के खिलाफ जाते हैं तो कुछ भी हो सकता है। मोदी सरनेम वाली टिप्पणी को लेकर 2019 के मानहानि मामले में उनकी सजा को अधिकतम किया गया ताकि उन्हें अयोग्य ठहराया जा सके। यह अडानी मुद्दे से देश को विचलित करने के लिए एक कार्य है।
महात्मा गांधी के चरणों में फूल चढ़ाए गए, जो उनके द्वारा चलाए गए शांतिपूर्ण लेकिन सशक्त आंदोलन और उसके साथ परिवार के जुड़ाव के प्रतीक थे। आईओसी ने कहा कि यह तो शुरुआत है, अगर भारत में राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई तेज होती है तो इस तरह के और विरोध प्रदर्शन बड़े पैमाने पर किए जाएंगे।