कच्चे तेल में तेजी और US Tariff चिंता से Dollar के मुकाबले रुपया लुढ़का

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 24 पैसे टूटकर 92.44 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। कच्चे तेल की ऊंची कीमत और अमेरिका की ओर से अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की आशंका के बीच रुपये में गिरावट आई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी पूंजी का प्रवाह भारतीय मुद्रा के पक्ष में रहा, लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बाद फिर तेजी आने और इनके 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंचने से घरेलू मुद्रा पर दबाव पड़ा।

कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ व्यापार युद्ध बढ़ाने के ताजा प्रस्ताव से मुद्रास्फीति को लेकर चिंता बढ़ी है। अमेरिका ने भारत से आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का बुधवार को प्रस्ताव किया। हालांकि, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता होने पर इसे 17 प्रतिशत तक सीमित करने का प्रावधान किया गया है।

इससे भारत को एशिया के प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले मामूली बढ़त मिल सकती है। यह प्रस्ताव अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) की ओर से 16 देशों एवं आर्थिक क्षेत्रों की जांच के बाद आया है। यूएसटीआर की जांच रिपोर्ट में भारत में जरूरत से ज्यादा औद्योगिक क्षमता, बाजार तक पहुंच में लगातार बनी बाधाओं और श्रमिकों को अपर्याप्त संरक्षण को इसकी वजह बताते हुए कहा गया है कि इनसे अमेरिकी कंपनियों के हितों को नुकसान पहुंचता है।

भारत ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.50 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 92.31 से 92.66 प्रति डॉलर के दायरे में रहा।

कारोबार के अंत में रुपया 92.44 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले बंद भाव से 24 पैसे की गिरावट है। रुपया बुधवार को 65 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ 92.20 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

चालू वित्त वर्ष में यह रुपये के अब तक का सबसे ऊंचा बंद स्तर था। इससे पहले 16 मार्च को यह 92.28 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। भारतीय मुद्रा आठ अक्टूबर को दर्ज अपने अब तक के सबसे निचले बंद स्तर 96.88 प्रति डॉलर से करीब पांच प्रतिशत सुधर चुकी है।

ब्रिकवर्क रेटिंग्स के शोध प्रमुख राजीव शरण ने बृहस्पतिवार को रुपये में गिरावट पर कहा, ‘‘दो दबाव एक साथ सामने आए। ब्रेंट कच्चा तेल फिर 95 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया और अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया। हालांकि, प्रस्ताव की बारीकियां उतनी सख्त नहीं हैं, जितना पहली नजर में लगता है।

द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत शुल्क 17 प्रतिशत तक सीमित होने से भारत को एशियाई प्रतिस्पर्धियों पर मामूली बढ़त मिलेगी। रुपये में सीमित गिरावट से लगता है कि बाजार इस प्रस्ताव को बातचीत की शुरुआती स्थिति के तौर पर देख रहा है।’’ इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत बढ़कर 103.70 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.86 प्रतिशत गिरकर 93.80 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 390.31 अंक यानी 0.46 प्रतिशत बढ़कर 84,328.59 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 65.25 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,884.50 अंक पर रहा। दोनों प्रमुख सूचकांकों में बुधवार को दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई थी।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 4,479.08 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

प्रमुख खबरें

26/11 Mumbai terror attacks में बरी Faheem Ansari आजीविका के लिए Auto Permit को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे

संविधान सिर्फ गाइडबुक नहीं, Amit Shah बोले- PM Modi ने नागरिकों तक पहुंचाए इसके मूल्य

Travel Tips: Travel and Tourism में बनाएं शानदार Career, 12वीं के बाद मिलेंगे बेहतरीन मौके

Manipur Assembly Election 2027: क्या सत्ता की चाबी बदलेंगी कांटे की टक्कर वाली 22 सीटें? हिंसा और सामाजिक दरार के बीच बीजेपी की अग्निपरीक्षा