Coking Coal का भंडार सीमित, भारतीय Steel Industry आयात पर ही निर्भर रहेगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 18, 2026

 टाटा स्टील के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने बुधवार को कहा कि भारत में कोकिंग कोयले का भंडार सीमित होने के कारण घरेलू इस्पात उद्योग को अपनी कच्चे माल की जरूरतें पूरी करने के लिए आयात पर निर्भर रहना पड़ेगा। घरेलू इस्पात क्षेत्र कोकिंग कोयले के लिए काफी हद तक आयात पर निर्भर है। भारत अपनी कोकिंग कोयले की करीब 90 प्रतिशत जरूरत आयात से पूरी करता है। यहां ‘आईएसए कमिंग कोल समिट’ से इतर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भारत में कोकिंग कोयले की उपलब्धता हमारे पास मौजूद भंडार से सीमित है। 

इसलिए मुझे नहीं लगता कि भारत में उपलब्ध कोकिंग कोयला घरेलू इस्पात उद्योग की जरूरतों को मात्रा और गुणवत्ता, दोनों के लिहाज से पूरा करने के लिए पर्याप्त है। ऐसे में हम आयात पर निर्भर रहेंगे।’’ उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया भारत के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले कोकिंग कोयले का एक प्रमुख स्रोत बना हुआ है। देश के कुल कोकिंग कोयला आयात में उसकी हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा, ‘‘बेशक, सबसे अच्छी गुणवत्ता वाला कोकिंग कोयला ऑस्ट्रेलिया से उपलब्ध होता है। 

यही वजह है कि देश में आने वाले कोकिंग कोयले में अब भी ऑस्ट्रेलिया की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से अधिक है।’’ कोकिंग कोयले को धातुकर्म कोयला भी कहा जाता है। ब्लास्ट फर्नेस प्रक्रिया के जरिये इस्पात बनाने में यह एक प्रमुख कच्चा माल है। उन्होंने कहा कि सरकारी समर्थन से चीन से इस्पात आयात को नियंत्रित रखने में मदद मिली है, लेकिन चीन का निर्यात अधिशेष घरेलू उत्पादकों के लिए अब भी खतरा बना हुआ है। 

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक हमें सरकार का समर्थन मिला है, जिससे आयात सीमित रहा है। हालांकि मेरा मानना है कि यह हमेशा एक खतरा बना रहता है। कई बाजार और देश ऐसे हैं जहां चीन के निर्यात अधिशेष का दबदबा है। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि क्षमता निर्माण में बड़ी पूंजी लगा रहे भारतीय उद्योग पर चीन की वजह से अनुचित असर न पड़े।’’

प्रमुख खबरें

BCCI के हेमांग अमीन और IOA के रघुराम अय्यर खेल मंत्रालय की नई स्पोर्ट्स समिति में

18 नवंबर 2017: Manushi Chhillar ने जीता था Miss World का खिताब, दर्ज हैं कई ऐतिहासिक घटनाएं

Delhi का Khan Market दुनिया का 24वां सबसे महंगा बाजार, भारत में पहले नंबर पर बरकरार

देश-विदेश के बड़े घटनाक्रम: Rahul Gandhi का बयान और Delhi Court के अहम आदेश