T20 World Cup : खराब फॉर्म से जूझ रही भारतीय टीम का सामना अफगानिस्तान से, टीम संयोजन पर नजरें

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 02, 2021

अबुधाबी। खराब फॉर्म से जूझ रही भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप में अपने अभियान को ढर्रे पर लाने की कोशिश में बुधवार को अफगानिस्तान से खेलेगी तो सभी की नजरें टीम संयोजन पर लगी होंगी और देखना यह है कि अंतिम एकादश से लगातार बाहर सीनियर आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को मौका मिलता है या नहीं। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से करारी हार के बाद भारतीय टीम की सेमीफाइनल की राह काफी कठिन हो गई है। दूसरी ओर अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड और नामीबिया को हराने के अलावा पाकिस्तान को हार की कगार तक पहुंचा दिया था लेकिन आसिफ अली ने एक ओवर में चार छक्के लगाकर उनसे जीत छीन ली।

इसे भी पढ़ें: संजय राउत ने लगाया आरोप, परमबीर सिंह ने केंद्र सरकार की मदद से भारत छोड़ा

वरूण चक्रवर्ती की नाकामी ने साबित कर दिया है कि अनुभव के क्या मायने होते हैं।हुनर और प्रतिभा के मामले में भारत का कोई भी मौजूदा स्पिनर अश्विन के आसपास भी नहीं है। उनके खिलाफ एक ही बात है कि वह लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने की वजह से चार साल पहले टीम से बाहर हुए। अब भारत को टूर्नामेंट में वजूद बनाये रखने के लिये अफगानिस्तान के खिलाफ उनके अनुभव की जरूरत है। अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज हजरतुल्लाह जजाइ और मोहम्मद शहजाद उनकी गेंदों का सामना शायद नहीं कर सकेंगे। कोहली अगर एक बार फिर अश्विन की अनदेखी करते हैं तो बाहरी और भीतरी आवाजें उठनी शुरू हो जायेंगी कि इस फैसले का कारण क्रिकेट से जुड़ा तो नहीं है। अफगानिस्तान के लिये नयी गेंद संभालने वाले हामिद असन और नवीनुल हक अपना दिन होने पर अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं लेकिन केएल राहुल और रोहित शर्मा की चुनौती उनके लिये कठिन होगी। दो खराब मैचों के बाद रोहित और राहुल वापसी की कोशिश में होंगे। सूर्यकुमार यादव फिट होने पर खेलेंगे और ईशान किशन को भी हार्दिक पंड्या की जगह उतारा जा सकता है।

पंड्या दो मैचों में 35 गेंद में 31 रन ही बना सके। अफगानिस्तान के खिलाफ राशिद और गुलबदीन नाइब के बीच के ओवर अहम होंगे जिन्हें संभलकर खेलना होगा। यह ऐसा मैच है जिसमें जीतने पर भारत को कोई श्रेय नहीं मिलेगा और हारने पर आलोचना के स्वर और मुखर हो जायेंगे और कप्तान कोहली इससे अनभिज्ञ नहीं।

टीमें : भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, शार्दुल ठाकुर, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, राहुल चाहर अफगानिस्तान: राशिद खान, रहमानुल्ला गुरबाज, हजरतुल्लाह जजई, उस्मान गनी, असगर अफगान, मोहम्मद नबी (कप्तान), नजीबुल्लाह जादरान, हशमतुल्ला शाहिदी, मोहम्मद शहजाद, मुजीब उर रहमान, करीम जनत, गुलबदीन नायब, नवीन-उल-हक, हामिद हसन, फरीद अहमद। मैच का समय : शाम 7 . 30 से।

प्रमुख खबरें

Shani Pradosh Vrat 2026: आज Lord Shiva और शनि देव की कृपा पाने का शुभ योग, जानें Puja Vidhi

Rishabh Pant की Delhi Capitals में वापसी पर AB de Villiers बोले- यह बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं था

Tazmin Brits के शतक का तूफान, South Africa की बड़ी जीत ने बदला Semifinal का पूरा समीकरण

England में Kiwi बल्लेबाजों का कहर, 96 साल पुराना Test Record तोड़ रचा नया इतिहास