महिला हॉकी टीम के पहली बार ओलंपिक सेमीफाइनल में पहुंचने पर भारतीयों ने मनायी खुशी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 02, 2021

नयी दिल्ली। महिला हॉकी टीम के पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद भारतीय खेल समुदाय ने इसे देश की हॉकी के लिये स्वर्णिम पल करार दिया। भारतीय पुरुष टीम के 49 वर्ष बाद ओलंपिक सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद सोमवार को महिला टीम ने आस्ट्रेलिया की विश्व में नंबर दो टीम को 1-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनायी। पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान वीरेन रासकुइन्हा ने इसे स्वर्णिम पल करार देते हुए कहा, ‘‘भारतीयों ने जिस तरह से अपने गोल का बचाव किया उससे काफी प्रभावित हूं। उन्होंने केवल बचाव ही नहीं किया उन्होंने बढ़त मजबूत करने की भी कोशिश की। उन्होंने आस्ट्रेलियाई सर्किल में घुसने में हिचकिचाहट नहीं दिखायी।’’

इसे भी पढ़ें: Olympic: चेहरे पर 13 टांके लिए बॉक्सिंग रिंग में उतरे सतीश कुमार, हार कर भी जीत लिया भारतीय सेना के जवान ने दिल

प्रायोजन के जरिये हॉकी टीमों का समर्थन करने में सबसे आगे रहे ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, ‘‘भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई। टीम ने तोक्यो 2020 के क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया पर जोरदार जीत दर्ज की। टीम अपनी जीत का सिलसिला जारी रखे और देश का नाम रोशन करे। टीम को शुभकामनाएं।’’ अपने जमाने के दिग्गज हॉकी खिलाड़ी और पूर्व कप्तान धनराज पिल्लै ने कहा कि टीम ने अपनी वास्तविक क्षमता दिखायी। धनराज ने ट्वीट किया, ‘‘आस्ट्रेलिया के खिलाफ इस जीत से पता चलता है कि भारतीय महिलाएं क्या करने में सक्षम हैं। पदक से एक कदम दूर और भरोसे की लंबी छलांग। पूरी टीम और कोचिंग स्टाफ का काम सराहनीय।’’ उन्होंने आगे लिखा, ‘‘भारत को आप पर गर्व है और भारत का प्रत्येक ध्वज इस जीत का जश्न मना रहा है।

सेमीफाइनल के लिये शुभकामनाएं। स्वयं पर विश्वास रखो। ’’ एथेंस ओलंपिक खेलों के रजत पदक विजेता निशानेबाज और पूर्व खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा, ‘‘भारतीय महिला हॉकी टीम को ओलंपिक सेमीफाइनल में पहुंचने पर बधाई। आपने भारत को गौरवान्वित किया है। अगले मैच के लिये शुभकामनाएं। ’’ भारत के ओलंपिक में एकमात्र व्यक्तिगत स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘अद्भुत सुबह। अपनी महिला हॉकी टीम पर बहुत गर्व है। जिस तरह से खेल हमें एकजुट करता है, वैसा कुछ और नहीं करता।’’ रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक, बिलियर्ड्स और स्नूकर में कई बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी, भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री, पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव जय शाह ने भी महिला हॉकी टीम को बधाई दी।

प्रमुख खबरें

Hindustan Zinc में Stake Sale की तैयारी, ₹80,000 करोड़ का Disinvestment Target पूरा करेगी सरकार

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार