लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामले, अब तक 110 व्यक्ति संक्रमित

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 16, 2020

नयी दिल्ली। उत्तराखंड में कोरोना वायरस का पहला मामला दर्ज किये जाने और महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश में एक-एक मामले की पुष्टि होने के साथ भारत में इस विषाणु से संक्रमित मरीजों की संख्या रविवार को बढ़ कर 110 हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। कुल संख्या में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए वे दो मरीज भी शामिल हैं, जिनकी दिल्ली और कर्नाटक में मौत हो चुकी है। हाल ही में सऊदी अरब से लौटे कर्नाटक के कलबुर्गी निवासी 76 वर्षीय व्यक्ति की बृहस्पतिवार को मौत हो गई थी। इसके अलावा दिल्ली में रहने वाली 68 वर्षीय एक महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थी, जिसकी शुक्रवार रात राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मौत हो गई। उत्तराखंड में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के पहले मामले की पुष्टि हुई।

दिल्ली में कोरोना वायरस के अब तक सात मामले सामने आ चुके हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में 12, कर्नाटक में छह, महाराष्ट्र में 33, लद्दाख में तीन और जम्मू-कश्मीर में दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। इसके अलावा तेलंगाना में तीन और राजस्थान में दो मामले सामने आए हैं। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पंजाब में कोरोना वायरस से संक्रमण के एक-एक मामले दर्ज किये गये हैं। केरल में कोरोना वायरस के सबसे अधिक 22 मामले सामने आए हैं। इनमें वे तीन लोग भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले महीने इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि कुल 110 संक्रमित लोगों में 17 विदेशी हैं। इनमें 16 इतालवी हैं।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, केरल के तीन मरीजों सहित इलाज के बाद अब तक 13 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने लोगों को से कहा कि वायरस का कोई वायरस का सामुदायिक संचरण नहीं देखा गया है। भारत में स्वास्थ्य आपातकाल की स्थिति अभी नहीं आयी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोविड-19 को महामारी घोषित कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि 93 संक्रमित लोगों के संपर्क में आए 4,000 से अधिक लोगों की पहचान की गई है और उनका पता लगाया जा रहा है, जबकि देश भर में 42,000 लोगों को सामुदायिक निगरानी में रखा गया है। 

इसे भी पढ़ें: मुम्बई में कोरोना वायरस के चार नये मरीज सामने आये, राज्य में संक्रमितों की संख्या 26 हुई

उन्होंने कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सामुदायिक निगरानी, पृथक केंद्र, पृथक वार्ड, पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई), प्रशिक्षित कर्मचारी, त्वरित प्रतिक्रिया दल जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं को और मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक 30 हवाई अड्डों पर 12,76,046 यात्रियों की जांच की जा चुकी है। मंत्रालय के अनुसार स्वास्थ्य सुरक्षा कर्मचारियों के लिए 80,50,000 एन95 मास्क और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण की खरीद का आदेश दिया गया है। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयास में सरकार ने बुधवार को राजनयिक और रोजगार जैसी कुछ श्रेणियों को छोड़कर सभी वीजा सेवाओं को निलंबित कर दिया। सरकार ने भारतीय नागरिकों से विदेश की सभी गैर-आवश्यक यात्रा से बचने के लिए कहा है।

इसे भी देखें: Coronavirus बना महामारी, अगर बीमार हुए तो इस तरह क्लेम देगी Insurance Company  

प्रमुख खबरें

ICC T20 World Cup: Shafali Verma का बड़ा बयान, ऑस्ट्रेलिया को हराने का भरोसा, Semifinal पर नजर

Rajnath Singh का बयान अफवाहों का था जवाब, Operation Sindoor पर भ्रम फैलाने वालों को MoD ने दिया करारा जवाब

China के 109 मंजिला बुर्ज खलीफा से टकराया विमान, उड़ गए परखच्चे, Video

TET पेपर लीक पर सियासी घमासान, राहुल गांधी बोले- हर युवा असुरक्षित, ये भविष्य की चोरी है