By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
भारतीय विमानन कंपनी ‘इंडिगो’ ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों के निलंबित रहने की अवधि बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रियाद आने-जाने वाली इंडिगो की उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी, जबकि जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी।’’ यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज किए जाने के बीच उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए 24 अक्टूबर तक उड़ानें निलंबित कर दी हैं। आकासा एयर ने जेद्दा जाने-आने वाली उड़ानों के निलंबन को 10 नवंबर तक और रियाद आने-जाने वाली उड़ानों के निलंबन को 30 नवंबर तक बढ़ा दिया है। उड़ानों में रुकावट के कारण उमरा पर गए भारतीय तीर्थयात्री भी प्रभावित हुए हैं।
इसे देखते हुए विदेश मंत्रालय ने विमानन कंपनियों और ‘टूर ऑपरेटर’ के साथ समन्वय किया है, ताकि तीर्थयात्रियों की जल्द वापसी सुनिश्चित की जा सके। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि रियाद में भारतीय दूतावास और जेद्दा में महावाणिज्य दूतावास विमानन कंपनियों और ‘टूर ऑपरेटर’ के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि प्रभावित तीर्थयात्रियों की जल्द से जल्द वापसी का प्रबंध किया जा सके।