Indonesia के Java Sea में जहाज पलटा, 6 शव बरामद और 129 लापता यात्रियों की तलाश जारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 13, 2026

इंडोनेशिया के जावा सागर में खराब मौसम के कारण एक जहाज पलटने के बाद लापता हुए कम से कम 129 लोगों की तलाश जारी है। कम से कम 108 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि छह यात्रियों के शव बरामद किए गए हैं। नौका के आखिरी ज्ञात स्थान के आसपास तलाशी अभियान का दायरा बढ़ा दिया गया है।

अधिकारियों को बाद में सूचना मिली कि पोत पलट गया है। बंजारमसिन की बचाव एजेंसी ने बताया कि शनिवार देर रात करीब दो बजे ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ से संपर्क टूटने के दो घंटे बाद उसे घटना की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि एक बचाव पोत जहाज के आखिरी ज्ञात स्थान की ओर रवाना हो गया था और रविवार दोपहर तक अधिकारी एक दर्जन पोतों की मदद से बचाव दलों को तैनात कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि इनमें नौसेना के चार पोत शामिल हैं और अभियान में दो हेलीकॉप्टर भी लगाए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नौका का आखिरी ज्ञात स्थान जावा सागर में बंजारमसिन से करीब 148 किलोमीटर दूर था। पोत की यात्री सूची के अनुसार, उस पर 213 यात्रियों और चालक दल के 30 सदस्यों समेत 243 लोग सवार थे।

हालांकि, इंडोनेशिया में पोत पर सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या का आधिकारिक सूची में दर्ज संख्या से अलग होना आम बात है। जहाज पर 89 वाहनों का परिवहन भी किया जा रहा था। तलाश अभियान का समन्वय कर रहे सुदायाना ने बताया कि आसपास मौजूद ‘टगबोट’ और अन्य पोतों की मदद से तलाश दलों ने रविवार दोपहर तक 107 लोगों को बचा लिया और छह शव बरामद किये।

‘टगबोट’ ऐसा छोटा लेकिन शक्तिशाली पोत होता है, जो बड़े जहाजों को खींचने, धकेलने या उनकी दिशा नियंत्रित करने में मदद करता है। ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ जहाज का निर्माण 1987 में जापान में किया गया था और यह 119 मीटर (390 फुट) लंबा था। परिवहन मंत्री डुडी पुरवागंधी ने कहा कि हवाई तलाशी में पता चला है कि नौका उलटी होकर पानी में तैर रही थी, पर डूबी नहीं थी।

उन्होंने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि बचावकर्मी पलटी हुई नौका के आसपास तलाशी अभियान पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी द्वारा रविवार को जारी किए गए वीडियो में हेलीकॉप्टर से तलाश अभियान के दौरान उथल-पुथल भरे समुद्र में एक पलटी हुई नौका तैरती हुई दिखाई दी। एक अन्य वीडियो में बचाये गए लोग बंजारमासिन बंदरगाह पर एक बचाव पोत से उतरते हुए दिखे, जबकि घायल लोगों को स्ट्रेचर पर ले जाया गया और बाद में एंबुलेंस से पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया।

रविवार को बंजारमसिन के त्रिशक्ति बंदरगाह स्थित नियंत्रण केंद्र पर सैकड़ों परिजन जमा हुए और परिवार के उन सदस्यों के बारे में जानकारी मिलने का इंतजार करते रहे, जिनके नौका पर सवार होने की जानकारी है। अधिकारियों के जीवित बचे लोगों की तलाश जारी रखने के बीच कई परिजन बेचैनी से यात्रियों की सूची और बचाव सूची की जांच करते रहे। बुंगा नाम की एक महिला ने कहा, ‘‘जब मैंने यात्री सूची में अपने रिश्तेदार का नाम देखा तो मैं स्तब्ध रह गई, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि उन्हें बचा लिया गया है, तब मुझे राहत मिली।’’ इंडोनेशिया 17,000 से अधिक द्वीपों वाला एक द्वीपसमूह देश है, जहां यात्रा का एक आम साधन नौका ही है।

यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं और इसके लिए सुरक्षा नियमों के कमजोर क्रियान्वयन को जिम्मेदार ठहराया जाता है।

प्रमुख खबरें

ईरान राष्ट्रपति Masoud Pezeshkian ने UAE के क्राउन प्रिंस से की BRICS में मुलाकात

Women Asia Cup Final में भारत ने श्रीलंका को 72 रन से रौंदा, रिकॉर्ड 8वीं बार जीता खिताब

Team India ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया, कप्तान Shreyas Iyer ने की खिलाड़ियों की तारीफ

India Afghanistan T20: अरुण जेटली स्टेडियम में पहली बार राष्ट्रगान से पहले बजा वंदे मातरम्