By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 14, 2026
इंडोनेशिया के प्राधिकारियों ने जावा सागर में खराब मौसम के कारण एक नौका के पलटने के बाद लापता हुए कई लोगों की तलाश सोमवार को तेज कर दी। इस हादसे में कम से कम छह यात्रियों की मौत हो गई है जबकि 129 लोग अब भी लापता हैं। ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ नाम की नौका में 240 से अधिक लोग सवार थे।
शनिवार देर रात करीब दो बजे नौका से संपर्क टूट गया। इसके करीब दो घंटे बाद रविवार तड़के अधिकारियों को सूचना मिली कि यह नौका जावा सागर के मासालेंबो जलक्षेत्र में पलट गई है। यह स्थान बंजर्मासिन से करीब 148 किलोमीटर दूर है।
राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी की ओर से रविवार को जारी वीडियो में हेलीकॉप्टर से चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान समुद्र में एक पलटी हुई नौका तैरती हुई दिखाई दी। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद स्याफई ने बताया कि सोमवार को तलाश अभियान के लिए 17 जहाज और विमान तैनात किए गए हैं। इसमें सेना, पुलिस और अन्य एजेंसियों के करीब 622 कर्मी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान को तेज करने और पीड़ितों को निकालने की प्रक्रिया तेज करने के लिए विशेष तौर पर पानी के भीतर काम करने वाली टीम और नौसेना द्वारा संचालित ‘अंडरवाटर ड्रोन’ को भी तैनात किया जा रहा है। स्याफई ने वीडियो ब्रीफिंग में कहा, ‘‘हमें अब भी और लोगों के जीवित मिलने की उम्मीद है।’’ तलाशी टीम ने आसपास मौजूद टगबोट और अन्य जहाजों की मदद से रविवार को 108 लोगों को बचाया और छह शव बरामद किए। जहाज के मैनिफेस्ट (यात्रियों और सामान का विवरण) के अनुसार इसमें 243 लोग सवार थे जिनमें 213 यात्री और 30 चालक दल के सदस्य शामिल थे।