By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
मध्यप्रदेश के इंदौर में पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खातों की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। एरोड्रम थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि पुलिस के ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ के तहत गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज वैद्य (20), तुषार चौहान (22), आयुष उर्फ लक्की प्रजापत (21), अजय पटेल (21) और रितेश प्रजापत (23) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया, ‘‘आरोपियों ने महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने बैंक खाते साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों को बेचे थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जाता था।’’ सेंधव के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में पता चला कि राज, तुषार और आयुष ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की अलग-अलग शाखाओं में ये खाते खुलवाए थे और इन्हें अजय तथा रितेश को बेच दिया था। उन्होंने बताया कि अजय और रितेश ने बाद में ये खाते गिरोह के अन्य सदस्यों को बेच दिए थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।