Prabhasakshi NewsRoom: अपनी कमियों पर चिंतन करने की बजाय Congress ने हार का ठीकरा EVM पर फोड़ा, BJP ने किया पलटवार

By नीरज कुमार दुबे | Dec 05, 2023

विधानसभा चुनावों में हार का ठीकरा कांग्रेस ने एक बार फिर ईवीएम पर फोड़ दिया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने भाजपा की जीत को ईवीएम की जीत बताया है तो दूसरी ओर भाजपा ने सवाल किया है कि तेलंगाना में किसकी जीत हुई है। देखा जाये तो ईवीएम पर सवाल उठा कर विपक्ष भारतीय निर्वाचन आयोग की साख पर सवाल उठा रहा है। भारत के निर्वाचन आयोग की दुनिया भर में प्रतिष्ठा है और विभिन्न देशों में चुनावों के दौरान संयुक्त राष्ट्र की ओर से भारतीय निर्वाचन आयोग को पर्यवेक्षक के तौर पर भी तैनात किया जाता है। यही नहीं, चुनाव प्रक्रिया के दौरान हजारों की संख्या में अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलता से निर्वहन किया लेकिन उनका उत्साह वर्धन करने और उनका शुक्रिया अदा करने की बजाय उनकी मेहनत पर पानी फेरा जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी को केवल Mamata Banerjee ही दे सकती है चुनौती, TMC ने कहा- 'किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जिसने बीजेपी को कई बार हराया हो'

हम आपको बता दें कि शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा को मिली जीत लोगों के समर्थन को नहीं दर्शाती, बल्कि यह ‘ईवीएम का जनादेश’ है। राउत ने कहा, ''चुनाव परिणाम अप्रत्याशित और आश्चर्यजनक हैं, लेकिन हम लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करते हैं। जब जनादेश आपकी पार्टी के खिलाफ जाता है, तो उसे स्वीकार करना पड़ता है। बहरहाल, मध्य प्रदेश के नतीजे हमारे लिए चौंकाने वाले ही नहीं, बल्कि स्तब्ध करने वाले भी हैं। चार में से तीन राज्यों के चुनाव नतीजों को ईवीएम का जनादेश माना जाना चाहिए और इसे उसी रूप में स्वीकार करना होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें (भाजपा) चुनौती देता हूं कि वे मतपत्र से चुनाव कराएं और हम परिणाम देखेंगे।’’ राज्यसभा सदस्य ने निर्वाचन आयोग से उन लोगों का संज्ञान लेने की मांग की, जिन्हें ‘‘ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) की प्रामाणिकता और उनके काम करने के तरीके पर संदेह है’’।

वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और गुपकार नेता फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि जब ईवीएम आई थी तभी हमने कुछ सवाल उठाये थे। उन्होंने कहा कि इन मशीनों को दुरुस्त करने की जरूरत है ताकि जनता इन पर विश्वास कर सके।

विपक्ष के इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्रियों ने आज पलटवार किया। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के EVM वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "विपक्ष के लोग जब जीत जाते हैं तब EVM पर सवाल नहीं उठाते हैं, वो तेलंगाना में जीत गए तो EVM पर सवाल नहीं उठाए गये लेकिन जब ये हार जाते हैं कि तब ये EVM पर सवाल उठाते हैं। ये कोई नई बात नहीं है।"

वहीं साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि "2004-2014 तक ये सरकार में रहे तब ईवीएम पर सवाल नहीं उठा। हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में ये जीते तब ईवीएम पर सवाल नहीं उठा। उन्होंने कहा कि विपक्ष का न तो ईवीएम पर विश्वास है न जनता पर, न निर्वाचन आयोग पर विश्वास है और न ही कोर्ट पर विश्वास है। उन्होंने कहा कि अब जनता के जनादेश को इस तरह से अस्वीकार करना ये बहुत छोटी सोच है। विपक्ष को इसे स्वीकार करना चाहिए।"

प्रमुख खबरें

Hindustan Zinc में Stake Sale की तैयारी, ₹80,000 करोड़ का Disinvestment Target पूरा करेगी सरकार

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार