By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 17, 2026
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से यहां ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में विशेष रूप से घाटी के ऊपरी इलाकों में बारिश या बर्फबारी का अनुमान जताया है।
विभाग के अनुसार, श्रीनगर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात दर्ज किए गए तापमान (शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे) की तुलना में कम है।
दक्षिण कश्मीर का शोपियां, घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा गिरकर शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया। वहीं, पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के तापमान के बराबर ही था। इसके अलावा, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो पिछली रात के दर्ज तापमान(शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे) के मुकाबले कम था।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शुक्रवार को यहां मध्यम बर्फबारी भी हुई थी।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में पारा शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं, कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर घाटी में इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है, जो 40 दिन की भीषण ठंड की अवधि होती है।
इस दौरान हिमपात की संभावना सबसे अधिक होती है इसके साथ ही रात का तापमान भी अक्सर हिमांक बिंदु के नीचे पहुंच जाता है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ 21 दिसंबर को शुरू हुआ था और यह 30 जनवरी को समाप्त होगा। इसके बाद ‘चिल्ला-खुर्द’ और ‘चिल्लई-ए-बच्चा’ शुरू होगा।
मौसम विभाग ने कहा है कि एक के बाद एक आने वाले पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर को प्रभावित करेंगे, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार और रविवार (17 और 18 जनवरी) को ऊंचाई वाले कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि 19 और 20 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा है कि 21 जनवरी को ऊंचाई वाले कुछ छिटपुट इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जिसके बाद 25 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही चेनाब घाटी, पीर-पंजाल श्रेणी और दक्षिण कश्मीर के कुछ जिलों में 23 से 24 जनवरी के बीच भारी बारिश या बर्फबारी होने के आसार हैं।