International Tiger Day 2023: भारत में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी के लिए उठाए गए कदमों से हुआ लाभ

By रितिका कमठान | Jul 29, 2023

भारत में बाघों की संख्या बढ़ने के चलते उत्साह बढ़ रहा है। इसी उत्साह के बीच देश और दुनिया भर में 29 जुलाई यानी शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस मनाया जा रहा है। इस दिन को मनाए जाने के पीछे मुख्य कारण है कि बाघों का संरक्षण किया जाए। बाघों के संरक्षण और इनकी कम होती आबादी को लेकर जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से इस दिन को मनाया जाता है।

वहीं दुनिया भर में अगर कोई देश है जिसने बाघ संरक्षण करने में सफलता हासिल की है तो वो निश्चित तौर पर भारत है। वर्ष 2022 में हुए सेनसस के मुताबिक देश में 3167 बाघ मौजूद है। जानकारी के मुताबिक ये आंकड़ा दुनिया की 75 प्रतिशत बाघ की जनसंख्या है। वहीं वर्ष 2019 में जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में 2967 बाघ मौजूद थे।

भारत में धीरे धीरे बाघों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। भारत में बाघों की संख्या में धीरे-धीरे वृद्धि देखी गई है, जो 2006 में 1,411 से बढ़कर 2014 में 2,226 हो गई है। वन्यजीव संरक्षणवादियों और वन अधिकारियों के प्रयासों के अलावा विशेषज्ञ बाघों की संख्या में वृद्धि में भारी सफलता के कारणों में से एक के रूप में प्रकृति पर्यटन का हवाला दे रहे है। अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर जानतें हैं पर्यटन ने भारत के बाघ संरक्षण प्रयासों को कैसे प्रभावित किया है।

भारत की बाघ कहानी
वर्ष 1973 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में प्रोजेक्ट टाइगर लॉन्च किया था। जानकारी के मुताबिक उस समय देश में बाघों की संख्या लगभग 1,827 थी। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक इसका उद्देश्य बाघों की घटती आबादी को पुनर्जीवित करना था। इसके साथ ही बाघों के प्राकृतिक आवास को संरक्षित करना भी अहम उद्देश्य था।

इस साल अप्रैल में प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि परियोजना की सफलता न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के लिए गर्व की बात है। भारत ने न केवल बाघ को बचाया है बल्कि उसे पनपने के लिए एक बेहतरीन पारिस्थितिकी तंत्र भी दिया है। आंकड़ों पर गौर करें तो भारत में वर्तमान में 75,000 वर्ग किमी में फैले 53 बाघ अभयारण्य हैं। वहीं पांच दशक पहले देश में महज नौ बाघ अभयारण्य हुआ करते थे।

भारत में उत्साह और चिंता दोनों बढ़ी
एक तरफ जहां बाघों की संख्या में गिरावट के बाद वृद्धि होना भारत के लिए राहत लेकर आया है, तो दूसरी ओर विकास बनाम पारिस्थितिकी को लेकर छिड़ी बहस और तेज हो गई है। साल 2022 की गणना के अनुसार भारत में बाघों की संख्या 3,167 है। दुनियाभर में जितने बाघ हैं, उनमें से 75 प्रतिशत भारत में हैं। एक समय इनके जल्द विलुप्त होने का खतरा पैदा हो गया था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। ऐसा 50 साल पहले 1973 में शुरू हुए ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ की वजह से संभव हो पाया है। जिस समय यह परियोजना शुरू हुई, उस वक्त बाघों की संख्या महज 268 थी। शनिवार को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस से पहले विशेषज्ञों ने कहा कि हालांकि यह बदलाव वन्यजीव स्थलों में बढ़ते मानवीय हस्तक्षेप, वन्यजीवों के सिकुड़ते ठिकाने, भारत के वनक्षेत्र की खराब होती गुणवत्ता और नीतियों में परिवर्तन के बीच आया है। 

वन्यजीव संरक्षणवादी प्रेरणा बिंद्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हमारे जनसंख्या घनत्व और अन्य दबावों के बावजूद, बाघों के संरक्षण की यह उपलब्धि आसान नहीं है और प्रोजेक्ट टाइगर की शुरुआत के बाद से यह एक क्रमिक प्रक्रिया रही है। हमें इस बात का गर्व हो सकता है कि भारत में बाघों की संख्या बढ़ रही है, जबकि कुछ देशों में ये विलुप्त हो चुके हैं। इस सफलता का श्रेय हमारे लोगों की सहनशीलता, राजनीतिक इच्छाशक्ति और एक मजबूत कानूनी व नीतिगत ढांचे को दिया जा सकता है।” हालांकि उन्होंने वन संरक्षण अधिनियम, 1980 में हाल ही में प्रस्तावित संशोधनों, संरक्षित क्षेत्रों में हानिकारक विकास परियोजनाओं, बाघों के रहने के स्थानों पर खनन, और पन्ना बाघ अभयारण्य में केन बेतवा नदी लिंक जैसी परियोजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि कानूनी ढांचे को कमजोर किया जा रहा है। 

भारतीय वन्यजीव संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक क़मर क़ुरैशी ने एक विपरीत दृष्टिकोण दिया और कहा कि सुधारात्मक उपाय किए जा रहे हैं। कुरैशी ने उत्तराखंड, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित हालिया बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का हवाला देते हुए कहा “हमें विकास के बारे में पारिस्थितिक दृष्टि से सोचना होगा। राजमार्ग बनाते समय अब हम बाघों और अन्य जानवरों के गुजरने के लिए सुरक्षित मार्ग बनाने के बारे में सोच रहे हैं। यह भारत में कई स्थानों पर पहले से ही हो रहा है।” प्रसिद्ध वैज्ञानिक और भारतीय वन्यजीव संस्थान के पूर्व डीन वाई वी झाला ने कहा कि मानवीय हस्तक्षेप से शिकारी-शिकार के अनुपात में असंतुलन भी हो सकता है। बाघ जैसे शिकारी अपने शिकार की तलाश में उन क्षेत्रों से बाहर जा सकते हैं, जहां वे पैदा हुए हैं। अपने मूल क्षेत्र से बाहर जाने की यह स्वाभाविक प्रवृत्ति तब प्रभावित होती है जब वन्यजीवों के ठिकानों के आसपास राजमार्ग, रेलवे, खदानें, बाड़ वाले रिसॉर्ट और बगीचे बनाए जाते हैं। झाला ने कहा, “मानव-बाघ संघर्ष आम तौर पर तब होता है जब बाघ का शिकार ख़त्म हो जाता है और बाघों के रहने के लिए कोई जगह नहीं होती (गलियारे खत्म हो जाते हैं)। इसके अलावा, संघर्ष तब होता है जब मनुष्य उन जंगलों में जाते हैं जहां बाघों का घनत्व अधिक है। 

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Shani Pradosh Vrat 2026: शिव और शनिदेव की कृपा का महासंयोग, जानें Puja का शुभ मुहूर्त

Horoscope 14 February 2026 Aaj Ka Rashifal: सभी 12 राशियों का कैसा रहेगा आज का दिन, पढ़ें आज का राशिफल

Nikhil Gupta ने US कोर्ट में कबूला जुर्म, 100000 डॉलर में तय हुई थी सुपारी, कौन करवाना चाहता था Khalistani Pannu की हत्या?

India-Bangladesh Relations | तारीक रहमान 2.0: बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन और भारत-हिंदू अल्पसंख्यकों के लिए इसके मायने