हेलीकॉप्टर दुर्घटना में सीडीएस रावत की मृत्यु के मामले में जांच शुरू : राजनाथ सिंह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 09, 2021

नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु के संबंध में बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में तीनों सेनाओं के एक दल ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही राजनाथ सिंह ने अपने बयान में कहा, ‘‘प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत बुधवार को वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज के छात्रों से संवाद करने के लिए पूर्व निर्धारित यात्रा पर थे।’’

इसे भी पढ़ें: विराट कोहली नहीं छोड़ना चाहते थे कप्तानी, BCCI ने लिया फैसला और रोहित को सौंपी जिम्मेदारी

सिंह ने बताया कि अन्य मृतकों में सीडीएस के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर लखविंदर सिंह लिड्डर, सीडीएस के सैन्य सलाहकार एवं स्टाफ अफसर लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, विंग कमांडर प्रतीक सिंह चौहान, स्क्वाड्रन लीडर कुलदीप सिंह, जूनियर वारंट अधिकारी राणा प्रताप दास, जूनियर अधिकारी अरक्कल प्रदीप, हवलदार सतपाल, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेन्द्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार और लांस नायक वीर साई तेजा शामिल थे। उन्होंने बताया कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल में जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं। रक्षा मंत्री ने सदन को बताया कि सभी पार्थिव शरीर को वायु सेना के विमान से आज शाम तक दिल्ली लाया जाएगा। जनरल रावत का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा और अन्य दिवंगत सैन्य कर्मियों का भी उचित सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि इस दुर्घटना के बाद एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी को कल ही दुर्घटना स्थल पर भेज दिया गया था और उन्होंने वहां जाकर स्थिति का जायजा लिया। सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जांच के लिए एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में तीनों सेनाओं के एक दल द्वारा जांच का आदेश दिया गया है और इस दल ने वेलिंगटन पहुंचकर जांच का काम शुरू कर दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को देश की तरफ से श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

प्रमुख खबरें

Teej 2026: अखंड सौभाग्य और सुयोग्य वर के लिए 14 सितंबर को रखा जा रहा Hartalika Teej का निर्जला व्रत

Archery World Cup Final: धीरज बोम्मादेवरा ने रचा इतिहास, मेक्सिको में जीता ऐतिहासिक Gold Medal

तकनीक में दक्षता जरूरी, AI की समझ न रखने वाले समाज को हथियार बना सकती हैं विदेशी ताकतें: Anwar Ibrahim

Narendra Modi के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से भारत बना वैश्विक आर्थिक शक्ति: Amit Shah