IPL 2024: आइए देखते हैं किन टीमों पर मेहरबान है किस्मत

By आदर्श प्रकाश सिंह | Apr 23, 2024

इन दिनों देश में आईपीएल−2024 के मैच खेले जा रहे हैं। दस टीमें इसमें अपनी किस्मत आजमा रही हैं। 22 मार्च को चेन्नई में इसकी शुरुआत हुई थी। 26 मई को चेन्नई में इसका फाइनल खेला जाएगा। अब तक हुए मैचों के आधार पर यह दिख रहा है कि कौन सी टीमें खिताबी दौड़ में बनी हुई हैं और कौन सी टीम केवल औपचारिकता निभाने के लिए खेल रही है। अंक तालिका में जो चार टीमें ऊपर हैं उन्हीं में से कोई सत्रहवें आईपीएल का चैम्पियन बनेगा। इस बार कई नई चीजें देखने को मिल रही हैं। कुछ स्टार खिलाड़ी बुझे−बुझे से दिख रहे हैं। महंगी बोली लगाकर खिलाडि़यों को खरीदने वाली फ्रैंचाइजी टीमें अपना हिसाब लगा रही होंगी कि उन्होंने गलत किया या सही। क्रिकेट अनिश्चितताओं वाला खेल है। मिसाल के तौर पर सबसे महंगे बिके आस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क अभी तक कोई कमाल नहीं दिखा पाए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने स्टार्क को 24.75 करोड़ में खरीदा था। वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए हैं।

 

खैर अब आते हैं मौजूदा हालात पर। अंक तालिका में सबसे ऊपर राजस्थान रायल्स की टीम बनी हुई है। उसने 7 मैचों में से 6 जीते हैं, सिर्फ एक में हार मिली है। इस तरह उसके 12 अंक हैं। उसके बाद कोलकाता और हैदराबाद की टीमें हैं। इन दोनों के 7 मैचों में 10 अंक हैं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने धुंआधार बल्लेबाजी करके विपक्षी टीम के नाक में दम कर दिया है। इसके बल्लेबाजों ने अभी तक तीन बार 250 से अधिक का स्कोर किया है। यह एक सत्र में ऐसा करने वाली आईपीएल ही नहीं किसी भी लीग की पहली टीम बन गई है। इससे पहले इंग्लैंड की सरे काउंटी टीम ने 2018 और 2023 में दो−दो बार ऐसा किया है। हैदराबाद ने आईपीएल का सर्वाधिक स्कोर 287 बना कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। इसी सत्र में उसने 278 रन बनाए थे। शनिवार 20 अप्रैल को दिल्ली के खिलाफ भी हैदराबाद ने तूफानी शुरुआत करते हुए 266 रन बना डाले। पावर प्ले में इस टीम ने 125 रन कूट डाले जो टी−20 क्रिकेट के इतिहास का रिकॉर्ड है। ये रन 11 छक्कों और 13 चौकों से बने। केवल 7 रन सिंगल से बने। हैदराबाद ने शनिवार को केवल 30 गेंदों में 100 रन ठोंक दिए।

इसे भी पढ़ें: IPL 2024: लगातार हार पर डेविड वॉर्नर का बयान, कहा- 'हमें गेंद और बल्ले दोनों से थोड़ा सुधार करने की जरूरत'

ऐसा प्रदर्शन देखते हुए लग रहा है कि हैदराबाद की टीम इस बार चोटी पर रहेगी। कंगारू खिलाड़ी पैट कमिंस इसके कप्तान हैं। उन्हीं के देश के ट्रैविस हेड खूब तेज बैटिंग कर रहे हैं। युवा अभिषेक भी विस्फोटक शुरुआत दे रहे हैं। 20 अप्रैल को हेड ने जहां 32 गेंदों में 89 रन बनाए वहीं, अभिषेक ने 12 गेंद पर 46 रन की पारी खेली। शाहबाज 59 रन बनाकर नाबाद रहे।


केकेआर यानी कोलकाता की टीम ने रविवार को एक रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरू को एक रन से हरा दिया। अभिनेता शाहरुख खान की यह टीम शानदार खेल दिखा रही है। इसके कप्तान श्रेयस अय्यर हैं। श्रेयस तो कुछ खास नहीं कर पा रहे लेकिन वेस्ट इंडीज के सुनील नारायण और आन्द्रे रसेल जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। रिंकू सिंह इसी टीम में हैं। 


चेन्नई की टीम महेंद्र सिंह धोनी की वजह से सबकी चहेती बनी हुई है। 42 साल की उम्र में भी धोनी खेल रहे हैं और तेज बैटिंग कर रहे हैं। हालांकि, वह अब कप्तान नहीं हैं। उनकी जगह युवा रूतुराज गायकवाड़ कप्तानी कर रहे हैं। चेन्नई की टीम पिछले साल की चैम्पियन है और यह धोनी का आखिरी आईपीएल भी हो सकता है। इसलिए पीली जर्सी वाले खिलाड़ी धोनी को शानदार विदाई दे सकते हैं। यह टीम अपना खिताब बरकरार रख पाती है या नहीं यह देखने की बात है। 


इस बार का आईपीएल मुंबई टीम के नए कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर काफी चर्चाओं में है। इस टीम में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। वरिष्ठ खिलाड़ी रोहित शर्मा को नजरंदाज कर गुजरात टीम से बुला कर पांड्या को कप्तान बनाना किसी को पच नहीं रहा। शुरू के कई मैच हारने के बाद मुंबई इंडियंस ने 7 मैचों में से 3 जीते हैं। अंक तालिका में 6 अंकों के साथ यह टीम सातवें स्थान पर है। दरअसल, पांड्या का बर्ताव वरिष्ठ खिलाडि़यों को अपमानित करने वाला है। रोहित से खटपट की खबरें आ रही हैं। टीम में दो गुट बन गए हैं। वरिष्ठ गेंदबाज बुमराह को पहला ओवर न देकर पांड्या ने किसी और को दे दिया। ये चीजें अशोभनीय हैं। कप्तान बदलने की मांग भी हो रही है। 


विराट कोहली जिस टीम में हों वह अंतिम पायदान पर हो तो क्या कहा जा सकता है। जी हां, बेंगलुरू की हालत बहुत खराब है। अब तक 8 मैचों में यह टीम केवल एक मैच जीत पाई है। 7 में उसे पराजय मिली है। अब तक बेंगलुरू की टीम कभी आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है और इस बार भी कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही। लगता है, इस टीम की किस्मत खराब चल रही है। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत को वापस मैदान में देख कर अच्छा लग रहा है। सड़क हादसे में बुरी तरह घायल होने के बाद वह डेढ़ साल तक मैदान से दूर रहे। पर, उनकी टीम भी नीचे के पायदान पर ही है। पंजाब की टीम बेंगलुरू से एक पायदान ऊपर है। इसके कप्तान शिखर धवन घायल हो गए हैं। उनकी जगह सैम करन कप्तानी कर रहे हैं।


लखनऊ की टीम के 7 मैचों में 8 अंक हैं और वह पांचवें नंबर पर है। इसके कप्तान केएल राहुल ने 19 अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 82 रनों की शानदार पारी खेली। इसकी बदौलत मेजबान टीम ने चेन्नई को 8 विकेट से हरा कर बड़ी जीत दर्जर् की। मगर, नवाबी शहर के दर्शक अपने बीच धोनी को पाकर उत्साहित थे। लखनऊ की टीम में युवा मयंक यादव सनसनी बनकर उभरे हैं। उन्होंने 150 से भी अधिक गति से गेंद फेंक कर सबको चौंका दिया है। गुजरात टाइटंस के 8 मैचों में 8 अंक हैं। कप्तान शुभमन गिल के अलावा सभी नए खिलाड़ी हैं। हार्दिक पांड्या द्वारा इस टीम को छोड़ने और मोहम्मद शमी के घायल होने से गुजरात टीम को झटका लगा है। आईपीएल का आधा सफर खत्म हो गया है। पर, अब तक की तस्वीर से अनुमान लगाया जा सकता है कि आखिरी दावपेंच किन टीमों के बीच होगा।

प्रमुख खबरें

Ballia में छात्रा से दुष्कर्म के बाद तस्वीर और वीडियो सार्वजनिक करने के दोषी शिक्षक को 25 साल की जेल

किरदार चुनते वक्त इस बारे में बिल्कुल भी नहीं सोचता कि लोग क्या कहेंगे : Manoj Bajpayee

Satwik-Chirag ने Thailand Open जीत के बाद विश्व नंबर एक रैंकिंग हासिल की

Sunak ने Britain में मरीजों को संक्रमित खून चढ़ाए जाने के दशकों पुराने प्रकरण को लेकर माफी मांगी