RCB vs SRH IPL 2024: सनराइजर्स ने रिकॉर्डतोड़ स्कोर के साथ आरसीबी को दी मात, बेकार गई कार्तिक की पारी

By Kusum | Apr 16, 2024

 आईपीएल 2024 का 30वां मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में हैदराबाद ने बेंगलुरु को 25 रन से मात दी। SRH की ये चौथी जीत है जबकि आरसीबी को एक बार फिर हार का मुंह देखना पड़ा। उसने लगातार 5वां मैच गंवाया है। ट्रेविस हेड की तूफानी सेंचुरी के दम पर एसआरएच ने 287/3 का स्कोर खड़ा किया। ये आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। एसआरएच ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। हैदराबाद ने मौजूदा सीजन में 27 मार्च को मु्ंबई के खिलाफ 277 रन बनाए थे। 

वहीं ट्रेविस हेड के आक्रामक शतक और कप्तान पैट कमिंस ने उम्दा प्रदर्शन किया। हेड के पहले टी20 शतक के अलावा हेनरिच क्लासेन ने ताबड़तोड़ 67 रन बनाये जिसकी मदद से सनराइजर्स ने टूर्नामेंट के इतिहास का रिकॉर्ड स्कोर जड़ते हुए तीन विकेट पर 287 रन बनाये।सनराइजर्स ने इसी सत्र में 27 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ तीन विकेट पर 277 रन बनाकर रिकॉर्ड अपने नाम किया था और आज अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। जवाब में आरसीबी की टीम सात विकेट पर 262 रन ही बना सकी।

 

कमिंस ने 43 रन देकर बेजान पिच पर तीन विकेट लिये। इस आईपीएल मैच में 40 ओवरों में 549 रन बने जो एक रिकॉर्ड है। कप्तान फाफ डु प्लेसी और दिनेश कार्तिक ने आरसीबी को चमत्कारिक जीत दिलाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। डु प्लेसी ने 28 गेंद में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 62 रन बनाये जबकि कार्तिक ने 35 गेंद में 83 रन बना डाले जिसमें पांच चौके और सात छक्के शामिल थे। डु प्लेसी और विराट कोहली ने तेज शुरूआत करते हुए सिर्फ 3 . 5 ओवर में 50 रन जोड़ लिये।

 

सनराइजर्स ने 50 रन 4 . 3 ओवर में बनाये थे। फाफ और कोहली ने पावरप्ले में 79 रन बनाये और 6 . 2 ओवर में स्कोर 80 रन था। इसके बाद लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय ने कोहली का कीमती विकेट लेकर मैच की तस्वीर बदल दी। मार्कंडेय को स्लॉग स्वीप खेलने के प्रयास में कोहली चूके और गेंद स्टम्प पर जा लगी। उसके बाद आरसीबी ने 41 रन के भीतर चार विकेट गंवा दिये। चौथा विकेट डु प्लेसी के रूप में गिरा जिन्होंने कमिंस को लगातार चौका छक्का लगाया लेकिन विकेट के पीछे क्लासेन को कैच दे बैठे। इसी ओवर में कमिंस ने सौरव चौहान (0) को भी आउट किया।

 

 कार्तिक और महिपाल लोमरोर (19) ने मार्कंडेय के आखिरी ओवर में 25 रन बनाये और छठे विकेट के लिये 29 गेंद में 59 रन जोड़े। लेकिन लक्ष्य इतना बड़ा था कि हर प्रयास छोटा पड़ गया। इससे पहले ट्रेविस ने आरसीबी को शानदार शुरूआत देते हुए 41 गेंद में 102 रन बनाये जिसमें नौ चौके और आठ छक्के शामिल थे। इससे पहले आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। आस्ट्रेलिया के बल्लेबाज हेड ने अभिषेक शर्मा के साथ 49 गेंद में 108 रन की साझेदारी की। शर्मा ने 22 गेंद में 34 रन बनाये।

 

 इसके बाद हेड और हेनरिच क्लासेन ने 26 गेंद में 57 रन की साझेदारी की। क्लासेन ने 31 गेंद में 67 रन बनाये जिसमें दो चौके और सात छक्के शामिल थे। हेड ने आरसीबी के तेज गेंदबाजों रीसे टॉपली और ग्लेन मैक्सवेल की जगह उतरे लॉकी फर्ग्युसन की जमकर धुनाई की। आरसीबी के लिये पदार्पण कर रहे फर्ग्युसन ने पहले ही ओवर में 18 रन दे डाले। उनकी पहली गेंद पर हेड ने स्क्वेयर लेग के ऊपर से छक्का लगाया। अगली गेंद उन्होंने शॉर्ट डाली लेकिन हेड ने मिड आन पर छक्का लगा दिया। इस बीच शर्मा को टॉपली ने स्कवेयर लेग पर फर्ग्युसन के हाथों लपकवाया। इसके बाद हेड और क्लासेन ने चौकों छक्को की बरसात करके तेजी से रन बनाये।हेड ने तेज गेंदबाज विजयकुमार विशाख को चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया।

वह हालांकि फर्ग्युसन की गेंद पर मिड आफ में फाफ डु प्लेसी को कैच देकर पवेलियन लौटे। इसके बावजूद रनगति कम नहीं हुई। क्लासेन ने 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने बायें हाथ के आफ स्पिनर महिपाल लोमरोर के एकमात्र ओवर में 18 रन निकाले। क्लासेन को विशाख ने फर्ग्युसन के हाथों लपकवाया।

इसके बाद एडेन माक्ररम और अब्दुल समद ने मिलकर 277 रन का रिकॉर्ड तोड़ा। समद ने सिर्फ दस गेंद में तीन छक्कों और चार चौकों की मदद से 37 रन बनाये जबकि माक्ररम 17 गेंद में 32 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने चौथे विकेट की अटूट साझेदारी में 56 रन जोड़े।

प्रमुख खबरें

Jharkhand Lok Sabha Election 2024 Phase 5 | झारखंड में मतदान की तारीख, सीटों की संख्या, उम्मीदवार, पूरा कार्यक्रम

Does Peepal Tree Have Ghosts? पीपल के पेड़ पर क्या सच में रहते हैं भूत-प्रेत? शनिवार के दिन ही क्यों होती है पूजा?

Char Dham Yatra 2024| रजिस्ट्रेशन किए बिना नहीं मिलेगी यात्रा के लिए एंट्री, रह जाएंगे दर्शन करने से वंचित

केरल में बढ़ेगी बारिश, IMD ने कई जिलों के लिए ‘Orange Alert’ जारी किया