By Kusum | May 07, 2025
आईपीएल 2025 का 56वां मैच वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। जिसे गुजरात टाइटंस ने 3 विकेट से अपने नाम कर लिया। वहीं इस जीत के साथ ही जीटी की टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज हो गई है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 155 रन बनाये लेकिन बारिश के कारण टाइटंस को 19 ओवर में 146 रन की चुनौती मिली जो उसने सात विकेट गवांकर आखिरी गेंद पर हासिल कर ली। जीटी के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 43, जोस बटलर ने 30 और शरफेन रदरफोर्ड ने 28 रन का योगदान दिया। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और अश्वनी कुमार ने दो-दो विकेट लिये।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत भी खराब रही। आईपीएल 2025 में अब तक बेहतरीन प्रदर्सन कर रहे साई सुदर्शन महज 5 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए गिल और बटलर के बीच 72 रनों की साझेदारी हुई। इस पार्टनरशिप को अश्विनी कुमार ने तोड़ा, उन्होंने बटलर को 30 के निजी स्कोर पर आउट किया। 14वें ओवर का खेल खत्म होने के बाद बारिश आई, जिस वजह से खेल थोड़ी देर के लिए रुका रहा।
बारिश रुकने के बाद जब दोबारा खेल शुरू हुआ तब जसप्रीत बुमराह ने कप्तान शुभमन गिल को बोल्ड करके गुजरात को बड़ा झटका दिया। वह 46 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके अगले ही ओवर में ट्रेंट बोल्ड ने शेरफेन रदरफोड को आउट करके जीटी को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। बाद में फिर से 18वें ओवर के बाद बारिश ने खलल डाला और मैच काफी देर तक रुका रहा। इसके बाद अंत में डीएलएस नियम के तहत गुजरात को 1 ओवर में 15 रन का टारगेट मिला। इस लक्ष्य को गेराल्ड कोएट्जी, राहुल तेवतिया की बेहतरीन बल्लेबाजी के बदौलत गुजरात ने आसानी से हासिल कर लिया। कोएट्जी ने 6 गेंदों में 12 रन बनाए। वहीं तेवतिया 8 गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात के लिए विनिंग शॉट अरशद खान ने लगाया।