Gaza में Israel के हमलों से 10 की मौत हुई, Jared Kushner की अपील निष्फल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 20, 2026

गाजा में बुधवार को घातक हवाई हमलों ने फलस्तीन क्षेत्र में कमजोर पड़ रहे संघर्षविराम को आगे बढ़ाने के अमेरिकी प्रयासों पर और सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय अस्पतालों और फलस्तीनी रेड क्रिसेंट के अनुसार, अमेरिकी वार्ताकारों द्वारा कथित तौर पर इजराइल से गाजा पट्टी में हमले कम करने को कहे जाने के महज दो दिन बाद बुधवार को हुए दो हमलों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। दो प्रत्यक्षदर्शियों और हमास के एक अधिकारी ने बताया कि इजराइली सैनिकों ने दक्षिणी गाजा में संघर्षविराम रेखा पार की और बुधवार तड़के हमास के एक पुलिस कर्नल को हिरासत में लिया।

फलस्तीनी रेड क्रिसेंट ने बताया कि बुधवार को गाजा शहर के एक पुलिस थाने पर हुए हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई और 15 अन्य घायल हुए। वहीं, नुसेरात में एक व्यक्ति की मौत हुई। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार शाम को इजराइली हमले में समुद्र किनारे स्थित एक व्यस्त कैफे को निशाना बनाया गया, जिसमें एक बच्चे समेत सात फलस्तीनी मारे गए।

इजराइली सेना ने कहा कि मंगलवार का हमला हमास के चार कमांडरों और अन्य लड़ाकों की बैठक को निशाना बनाकर किया गया था। सेना ने हालांकि लक्षित कमांडरों के नाम नहीं बताए और न ही यह पुष्टि की कि वे मारे तो नहीं गए। अमेरिकी वार्ताकार एवं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने सोमवार को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ लंबी बैठक की थी।

बैठक के बारे में जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के अनुसार, कुशनर ने इजराइली नेता से गाजा में हमले कम करने को कहा था। इस बीच, इजराइली सेना ने बुधवार को कहा कि उसने गाजा युद्ध के दौरान सैनिकों के आचरण से जुड़े 150 मामलों की समीक्षा पूरी कर ली है और वह पांच वर्षीय बच्ची तथा उसके परिवार की मौत और 15 फलस्तीनी स्वास्थ्यकर्मियों की मौत के मामलों में आपराधिक जांच शुरू करेगी। बुधवार के हमलों के बाद हमास के प्रवक्ता हाजिम कासिम ने ट्रंप द्वारा संघर्षविराम की निगरानी के लिए बनाए गए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की आलोचना की।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह संस्था संघर्षविराम समझौते का पालन कराने के बजाय इजराइल को गाजा में हमले बढ़ाने के लिए ‘‘आड़’’ उपलब्ध करा रही है।

प्रमुख खबरें

Aviation Turbine Fuel की महंगाई रोकने को Price Stabilisation Fund पर केंद्र कर रहा विचार

The Batman Part II की शूटिंग फिर अटकी: डायरेक्टर मैट रीव्स ने अचानक लिया ब्रेक, जानें क्या है वजह

Australia के खिलाफ Durban Test में Kagiso Rabada खेलेंगे या नहीं, आखिरी पलों में होगा फैसला

Indore में आरई-2 सड़क से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, 8 गिरफ्तार