Israel के ताजा हमलों में Gaza में आठ लोगों की मौत, हमास अधिकारी भी मारा गया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

गाजा में इजराइल के रातभर किए गए हमलों में आठ फलस्तीनी मारे गए। वहीं, ब्रिटेन की एक सैन्य निगरानी संस्था ने बताया कि दुबई के पश्चिम में फारस की खाड़ी में एक टैंकर के पास विस्फोट हुआ। गाजा के शिफा अस्पताल और अल-अक्सा शहीद अस्पताल के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार तड़के तक किए गए इजराइल के तीन हमलों में गाजा शहर और मध्य गाजा में आठ फलस्तीनी मारे गए।

मृतकों के शव इन्हीं अस्पतालों में लाए गए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मध्य गाजा के दीर अल-बलाह शहर में एक आवासीय अपार्टमेंट पर हुए हमले में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी की मौत हो गई। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने संयुक्त बयान में कहा कि सेना ने रातभर किए गए हमले में खालिद अबू नदा को मार गिराया।

वह गाजा में हमास के आर्थिक और शिक्षा मामलों की देखरेख करता था। शिफा अस्पताल के अनुसार, गाजा शहर में दो अन्य अलग-अलग हमलों में तीन-तीन लोगों की मौत हुई। इजराइली सेना ने कहा कि इनमें से एक हमला तीन आतंकवादियों को निशाना बनाकर किया गया था।

हालांकि, उसने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। सेना ने दूसरे हमले के संबंध में टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया। ये ताजा मौतें गाजा में जारी हिंसा के बीच हुई हैं।

इजराइल और हमास के बीच संघर्षविराम समझौता होने के एक साल से अधिक समय बाद भी इजराइली गोलीबारी और हवाई हमले लगभग रोजाना जारी हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, तीन साल से अधिक समय से जारी युद्ध में अब तक कम से कम 74,746 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। हमास के नेतृत्व वाली सरकार के अधीन काम करने वाला यह मंत्रालय हताहतों का रिकॉर्ड रखता है।

इसके आंकड़ों को आम तौर पर विश्वसनीय माना जाता है, हालांकि इनमें नागरिकों और लड़ाकों का अलग-अलग ब्योरा नहीं दिया जाता। ब्रिटेन की सैन्य निगरानी संस्था यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बृहस्पतिवार तड़के बताया कि दुबई से 93 किलोमीटर पश्चिम में मौजूद एक टैंकर के कप्तान ने रात में टैंकर के बेहद करीब किसी अज्ञात प्रक्षेपास्त्र के कारण विस्फोट होने की सूचना दी। यूकेएमटीओ ने कहा कि टैंकर को कोई नुकसान होने की सूचना नहीं है और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

हाल के दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों से जुड़ी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। फारस की खाड़ी के मुहाने पर स्थित इस सामरिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्ग से युद्ध शुरू होने से पहले दुनिया के कुल कारोबार वाले तेल और प्राकृतिक गैस का करीब पांचवां हिस्सा गुजरता था। फरवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से जहाजों पर ईरान के हमलों के कारण यह जलमार्ग प्रभावी रूप से बंद हो गया है।

यूकेएमटीओ के अनुसार, युद्ध के शुरुआती हफ्तों में मार्च के बाद से अक्टूबर में वाणिज्यिक जहाजों पर सबसे अधिक हमलों की सूचना मिली। संस्था ने यह भी कहा कि कुछ जहाज ऐसी घटनाओं की सूचना देने से हिचकिचाते रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Moles On Body Signs: हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार चेहरे पर तिल और लहसन तय करते हैं आर्थिक स्थिति

आपत्तियों और पुलिस जांच के बाद Bengaluru में Pakistani Drama Dar-e-Najat की दो स्पेशल स्क्रीनिंग रद्द, देशभर में पाक कंटेंट पर तेज हुई बहस

Karthigai Deepam के बाद Tiruvannamalai में थेप्पल उत्सव, गिरिवलम के लिए उमड़ी भारी भीड़

Congress MP Shashi Tharoor का बयान, सभी नागरिकों की समानता देश के भविष्य का आधार