By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 06, 2022
यरुशलम। इजराइल की एक सांसद ने अस्पतालों में खानपान संबंधी नियमों को लेकर विवाद के बाद सत्तारूढ़ गठबंधन से अलग होने का फैसला किया, जिससे संसद में सरकार अल्पमत में आ गई है। इडित सिलमैन के समर्थन वापस लेने के कारण कार्यभार संभालने के एक साल के भीतर ही देश में चुनाव की संभावना बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट की सरकार सत्ता में बनी हुई है किंतु 120 सीट वाली संसद में वह कमजोर हो गई है और आगे उसे कामकाज के सुचारू संचालन में कठिनाई आएगी।
इजराइल की संसद ‘नेसेट’ में अब बेनेट के गठबंधन के 60 सदस्य होंगे। संसद का अभी सत्र नहीं हो रहा और यह स्पष्ट नहीं है कि क्या विपक्ष के पास अविश्वास प्रस्ताव रखने के लिए पर्याप्त समर्थन होगा। हालांकि, सरकार के पास बहुमत नहीं रहने की स्थिति में इजराइल में तीन वर्षों में पांचवीं बार चुनाव होगा। सिलमैन ने कहा कि वह ‘‘इजराइल और देश के लोगों के यहूदी चरित्र को नुकसान पहुंचाने के लिए साथ नहीं दे सकतीं और दक्षिणपंथी सरकार बनाने के लिए काम करेगी। विपक्ष के नेता नेतन्याहू ने सिलमैन को बधाई दी और ‘‘राष्ट्रवादी खेमे में उनकी वापसी का स्वागत किया।