ISRO ने GSLV रॉकेट से NVS-03 उपग्रह अंतरिक्ष में भेजा, NavIC को मिलेगी मजबूती

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 31, 2026

(तस्वीरों के साथ) श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश), 30 अक्टूबर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार को अपने नौवहन उपग्रह ‘एनवीएस-03’ का सफल प्रक्षेपण किया, जिसमें स्वदेशी और बाहर से खरीदी गई परमाणु घड़ियां लगी हैं। इससे देश की अपनी उपग्रह नौवहन प्रणाली ‘नाविक’ को मजबूती मिलेगी। ‘नाविक’ जीपीएस का भारतीय संस्करण है, जो देश और उसके आसपास 1,500 किलोमीटर के दायरे तक सीमित है।

उन्होंने कहा कि ‘एनवीएस-03’ उपग्रह मिशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ। लगातार दो जीएसएलवी अभियानों के बीच महज 56 दिनों का अंतराल रहा, जो अब तक का सबसे कम समय है। नारायणन ने कहा कि ‘एनवीएस-03’ की सफलता के साथ ही ‘नाविक’ उपग्रह समूह में न्यूनतम परिचालन क्षमता के लिए आवश्यक चार उपग्रहों की संख्या फिर से पूरी हो गई है।

उन्होंने कहा कि पहले से ही तीन उपग्रह सफलतापूर्वक काम कर रहे थे। अब ‘एनवीएस-03’ के शामिल होने से स्थिति निर्धारण, नौवहन और समय संबंधी सेवाएं फिर से बहाल हो गई हैं। इसरो प्रमुख ने कहा कि ‘नाविक’ उपग्रह समूह एक सामरिक राष्ट्रीय संपत्ति है जो स्थिति निर्धारण, नौवहन और समय संबंधी सेवाओं तक स्वतंत्र पहुंच उपलब्ध कराता है।

पचास मीटर लंबे जीएसएलवी-एफ18 रॉकेट ने 24 घंटे की उलटी गिनती पूरी होने के बाद निर्धारित समय के अनुसार रात 11 बजकर 51 मिनट सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे प्रक्षेपण स्थल से आसमान की ओर उड़ान भरी। यह 420 टन वजन वाला तीन चरणों का रॉकेट लगभग 2,232 किलोग्राम वजनी एनवीएस-03 उपग्रह को भू-तुल्यकालिक स्थानांतरण कक्षा में स्थापित करने के अभियान पर है। इसरो के अनुसार, ‘एनवीएस-03’ अगली पीढ़ी की नौवहन उपग्रह प्रणाली का तीसरा उपग्रह है।

इसे आईआरएनएसएस श्रृंखला के तहत दी जाने वाली नौवहन सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए तैयार किया गया है। अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा, “यह उपग्रह आयातित परमाणु घड़ियों के साथ-साथ स्वदेश में विकसित परमाणु घड़ी से भी लैस है। इसमें मौजूदा एल5/एस संकेतों के अलावा एल1 संकेत भी शामिल हैं।

इससे भारतीय भूभाग और देश की भू-राजनीतिक सीमा से 1,500 किलोमीटर तक फैले क्षेत्र में नौवहन सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।”

प्रमुख खबरें

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने Diplomatic Community के साथ मनाया दिवाली मिलन

Punjab Polls 2027: AAP शनिवार को जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

Delhi Weather: बारिश से लुढ़का पारा, 75 साल में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज

Foreign Secretary Vikram Misri ने कहा, कुछ देश आतंकवाद को नीति के साधन के तौर पर साध रहे