ISRO के NVS 03 उपग्रह प्रक्षेपण को मुख्यमंत्रियों ने सराहा, नाविक प्रणाली होगी मजबूत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 31, 2026

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि एनवीएस-03 उपग्रह को लेकर जीएसएलवी-एफ18 रॉकेट का सफल प्रक्षेपण देश की नौवहन क्षमताओं के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। शर्मा ने इस मिशन को सफल बनाने के लिए वैज्ञानिकों को बधाई दी। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी इस सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो व इसके वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी और कहा कि यह सफल मिशन देश के लिए गौरव का क्षण है।

शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह भारत की नौवहन क्षमताओं के लिहाज से एक मील का पत्थर है। इसरो के जीएसएलवी-एफ18 का सफल प्रक्षेपण यह सुनिश्चित करता है कि भारत की अपनी नौवहन प्रणाली ‘नाविक’ फिर से काम करने लगी है। इससे मानचित्रण के लिए विदेशी संस्थाओं पर निर्भरता समाप्त होगी और हमारे सशस्त्र बलों की क्षमताएं मजबूत होंगी।’’ मिशन का हिस्सा रहे वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘राष्ट्र को हमेशा की तरह आप पर गर्व है!’’ तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने उपग्रह को उसकी निर्धारित भूस्थिर कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित करने के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की सराहना की।

यह भारत की नौवहन क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।’’ मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि यह मिशन भारत की स्वदेशी नेविगेशन प्रणाली ‘नाविक’ को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि है और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में आत्मनिर्भरता की दिशा में देश की यात्रा को आगे बढ़ाता है। नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्रीहरिकोटा से एनवीएस-03 उपग्रह को ले जाने वाले जीएसएलवी-एफ18 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो को हार्दिक बधाई।’’ उन्होंने इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा, ‘‘हमारे प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के प्रति आभार और सम्मान, जो अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत का कद लगातार बढ़ा रहे हैं।’’

प्रमुख खबरें

Manipur: Imphal में Meitei संगठनों की महारैली, SoO समझौता रद्द करने की मांग

Jio के नए Voice-Only Recharge Plans में मिलेगी अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS

Air Chief Marshal Ashutosh Dixit ने संभाली Indian Air Force की कमान, AP Singh को सैन्य परंपराओं के साथ दी गई विदाई

Game of Thrones फेम Nikolaj Coster-Waldau ने कीव में हवाई हमले के डर से मेट्रो स्टेशन में बिताई रात, शेयर किया दर्दनाक अनुभव