By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 24, 2026
अंतरिक्ष के क्षेत्र में 24 सितंबर की तारीख भारत की एक अहम उपलब्धि के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मंगल ग्रह की कक्षा में सफलतापूर्वक अंतरिक्ष यान (मंगल यान) भेजने वाली विश्व की चौथी अंतरिक्ष एजेंसी बना। एशिया के दो दिग्गज चीन और जापान को भारत ने 24 सितंबर 2014 को पीछे छोड़ दिया, क्योंकि यह दोनों देश अपने पहले मंगल अभियान में सफल नहीं हो पाए थे। भारत का यह पहला प्रयास था और यह सफल रहा। यद्यपि भारतीय मिशन का निर्धारित जीवनकाल छह महीने था और मार्स ऑर्बिटर मिशन (एमओएम) ने 24 सितंबर, 2021 को अपनी कक्षा में सात वर्ष पूरे कर लिए। मंगल ग्रह के लिए भारत का पहला अंतरग्रहीय मिशन एमओएम पांच नवंबर, 2013 को पीएसएलवी-सी25 के माध्यम से प्रक्षेपित किया गया था। 24 सितंबर 2022 को भारत की महान गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे मैच खेला और क्रिकेट को अलविदा कह दिया। भारत ने कम स्कोर वाले रोमांचक तीसरे और अंतिम इस एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड को 16 रन से हराकर पहली बार मेजबान टीम का उसकी सरजमीं पर सूपड़ा साफ किया। पश्चिम बंगाल के चकदा कस्बे की रहने वाली, 39 वर्षीय अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन का यह अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच था। इंग्लैंड के खिलाफ ही चेन्नई में छह जनवरी 2002 को जीत के साथ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाली झूलन के लिए यह श्रृंखला यादगार रही।