इसरो के चंद्रयान मिशन उत्तराखंड के स्कूल पाठयक्रम का हिस्सा बनेंगे : मंत्री

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 01, 2023

उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत ने शुक्रवार को कहा कि इसरो के चंद्रयान मिशन को प्रदेश के स्कूली पाठयक्रम का हिस्सा बनाया जाएगा। रावत ने कहा, ‘‘चंद्रयान तीन मिशन ने दुनिया को भारत के वैज्ञानिकों की प्रतिभा का अहसास करवाया है। हमने अपने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच पैदा करने के लिए प्रदेश के स्कूलों में कक्षा छह से 12 वीं तक के पाठयक्रम में चंद्रयान मिशन को शामिल करने का निर्णय लिया है।’’ मंत्री ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के तीनों चंद्रमा मिशन- चंद्रयान एक, चंद्रयान दो और चंद्रयान तीन को स्कूली पाठयक्रम में शामिल किया जाएगा। भारत के चंद्रयान तीन ने 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक ‘‘साफ्ट लैंडिंग’’ की थी।

मंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत 20 राजकीय महाविद्यालयों का कायाकल्प कर उन्हें शोध आधारित मॉडल कॉलेज के रूप में विकसित किया जायेगा जबकि छह राजकीय महाविद्यालयों में कला व विज्ञान संकाय के लिये नये पीजी ब्लॉक बनाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिये राज्य सरकार ने 159 करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत कर दी है। रावत ने बताया कि रूद्रपुर, काशीपुर, चम्पावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, हल्द्वानी, रानीखेत, कोटद्वार, नरेन्द्रनगर, नई टिहरी, उत्तरकाशी, थलीसैंण, गैरसैंण, लक्सर, गोपेश्वर, डाकपत्थर, रायपुर, अगस्त्यमुनि के राजकीय महाविद्यालय, कुमाऊं विश्वविद्यालय का डीबीएस परिसर तथा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा परिसर को मॉडल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन महाविद्यालयों में महिला एवं पुरूष छात्रावास सहित अति आधुनिक आई.टी. लैब तथा ई-लर्निंग कक्षों का निर्माण किया जायेगा। मंत्री ने कहा कि मॉडल कॉलेजों एवं पीजी कॉलेजों में निर्माण कार्यों को शीघ्र शुरू करने के लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं ताकि तय समय पर निर्माण कार्यों को पूरा किया जा सके और छात्र-छात्राओं का इसका लाभ मिल सके।

प्रमुख खबरें

Odisha government ने 1,333 करोड़ रुपये के 11 निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी

Tamil Nadu में सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौत, चार घायल

Unnao rape case में सेंगर की सजा के निलंबन को Supreme Court में चुनौती देगी CBI

न्यायालय के फैसले को दरकिनार कर अरावली में नए पट्टे बांट रही है भजनलाल सरकार : Ashok Gehlot