By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 07, 2026
मिलान, सात नवंबर इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने शनिवार को कहा कि उनका निजी डेटा ‘डार्क वेब’ पर लीक हो गया है और उन्हें “डराया-धमकाया जा रहा है तथा धमकियां दी जा रही हैं’’। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस घटना के लिए रूस समर्थक हैकरों को जिम्मेदार ठहराया है। तजानी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह घोषणा ऐसे समय में की, जब पूरे यूरोप में बम हमले की फर्जी धमकी मिली (जिसके कारण कई उड़ानों के मार्ग बदलने पड़े), प्रसारकों के लिए सुरक्षा संबंधी खतरे सामने आए और सुपरमार्केट की रेफ्रीजरेटर प्रणाली पर हमले और ड्रोन घुसपैठ जैसी घटनाएं हुईं।
तजानी ने कहा, “साइबर अपराधी ‘डार्क वेब’ पर कई दिनों से मेरा निजी डेटा प्रसारित कर रहे हैं और अन्य जानकारियां मांग रहे हैं। इससे मुझे और मेरे परिवार को नये खतरों और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।” उन्होंने कहा, “ये अपराधी मेरे और मेरे करीबियों के बारे में अन्य जानकारियां पाने के लिए पैसे देने को भी तैयार हैं।” मेलोनी ने “रूस-समर्थक हैकरों की गतिविधियों के खुलासे और ‘डार्क वेब’ पर तजानी के व्यक्तिगत डेटा के प्रसारित होने की बात सामने आने” के बाद उनके प्रति एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने सरकारी अधिकारियों के बारे में गोपनीय जानकारी बेचने की कोशिशों को “गंभीर चिंता का विषय” बताया, जिस पर “पूरी दृढ़ता के साथ ध्यान दिया जाना चाहिए।” हालांकि, तजानी ने यह नहीं बताया कि किस तरह की जानकारी साझा की गई थी और इसके पीछे कौन था, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि साइबर खतरा अब भी बना हुआ है तथा इटली यूक्रेन का समर्थन जारी रखेगा।
उन्होंने कहा, “मैं किसी भी धमकी से नहीं डरूंगा। मैं अपने मंत्रालय और इटली की रक्षा के लिए काम करना जारी रखूंगा। हम मिलकर अपनी सुरक्षा के लिए आपसी संबंधों और सहयोग को और मजबूत करेंगे।”