भारत के खिलाफ 180 रन लुटाने पर Jacob Duffy के बचाव में उतरे कोच Jacob Oram

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

(कुशान सरकार) वेलिंगटन, 21 नवंबर न्यूजीलैंड के गेंदबाजी कोच जैकब ओरम ने शनिवार को जैकब डफी का समर्थन किया, जो भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में काफी महंगे साबित हुए। डफी ने 29 ओवरों में 180 रन दिए और सिर्फ एक विकेट लिया। ओरम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘जब चीजें अच्छी चल रही हों तो हम बहुत ज्यादा खुश नहीं होते और जब चीजें हमारे पक्ष में नहीं हों तो हम बहुत ज्यादा निराश भी नहीं होते।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप केवल स्कोर बोर्ड पर ही ध्यान देंगे तो यह उसका दिन नहीं था।

पिछले दो सत्र में उसने कई बार अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए एक दिन के खराब प्रदर्शन से उसकी आलोचना करना ठीक नहीं है।’’ ओरम ने कहा, ‘‘वह जानता है कि उसे कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है लेकिन वह ड्रेसिंग रूम में अकेला नहीं है।’’ डफी ने पिछले सत्र में अपने अच्छे प्रदर्शन के लिए ‘सर रिचर्ड हैडली मेडल और प्लेयर्स कैप’ जीता था। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका भी मिला था।

ओरम ने कहा कि जब यह तेज गेंदबाज सफलता हासिल कर रहा था तब भी उन्होंने कड़ी मेहनत करना जारी रखा। उन्होंने कहा, ‘‘एक खिलाड़ी ने कुछ ज्यादा रन लुटा दिए, इस पर मैं ज्यादा बात नहीं करना चाहता हूं। खिलाड़ी हमेशा कुछ न कुछ सुधार करते रहते हैं।

इस टेस्ट से पहले भी वह सुधार कर रहा था। पिछले सत्र में भी जब उसने सर रिचर्ड हैडली मेडल और प्लेयर्स कैप जीता था, तब भी वह सुधार कर रहा था।’’ ओरम ने यह भी कहा कि भारत ने शानदार बल्लेबाजी की लेकिन इसके बावजूद उनका गेंदबाजी आक्रमण सकारात्मक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्य उद्देश्य अच्छे बल्लेबाजों को आउट करने के तरीके ढूंढना और साथ ही रन प्रवाह को रोकना है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बीच रचनात्मक चर्चा हुई है। हम इस पर बात करेंगे कि इन अच्छे बल्लेबाजों को कैसे आउट किया जा सकता है और रन प्रभाव पर कैसे अंकुश लगाया जा सकता है।’’ गेंदबाजी कोच ने कहा कि केवल आंकड़ों के आधार पर प्रदर्शन का आकलन नहीं किया जा सकता है। उन्होंने इस संदर्भ में नाथन स्मिथ का उदाहरण दिया जिन्होंने अच्छी गेंदबाजी करने के बावजूद केवल एक विकेट हासिल किया।

ओरम ने कहा, ‘‘नाथन स्मिथ जैसे किसी खिलाड़ी को ही ले लीजिए। उसने बहुत अच्छी गेंदबाजी की लेकिन उसे केवल एक विकेट मिला। इसलिए केवल आंकड़ों के आधार पर किसी का आकलन नहीं किया जा सकता।’’

प्रमुख खबरें

अब 007 के रूप में दिखेंगे Robert Pattinson: फैंस की जोरदार चीयरिंग पर मुस्कुराए और सिर झुकाकर किया अभिवादन, पियर्स ब्रॉसनन ने भी दी खास बधाई!

सर्दियों में Hair Fall रोकने में मददगार है Rosemary Water और Argan Oil का यह नुस्खा

दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले विवाद और हाई अलर्ट: चंडीगढ़ के प्रोफेसर ने मोटेरा थाने में दर्ज कराई शिकायत

PM Narendra Modi ने Bihar में Nitish Setu समेत 34,000 करोड़ की 227 विकास परियोजनाओं की शुरुआत की