By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के प्रमुख वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली आंध्र प्रदेश सरकार पर तिरुपति जिले के आंजनेयपुरम में स्थित सदियों पुराने अभय आंजनेय स्वामी मंदिर को बुलडोजर से ढहाने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि क्या गठबंधन सरकार इसी तरह ‘सनातन धर्म’ की रक्षा कर रही है। इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर हमला करार देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ऐतिहासिक धरोहर को बुलडोजर से ढहा रही है। जगन ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हे राम!
मंदिरों को बचाइए! आंध्र प्रदेश को बचाइए! चंद्रबाबू नायडू गारू के शासन में यह सिलसिला जारी है।
आंजनेयपुरम में सदियों पुराने अभय आंजनेय स्वामी मंदिर को बुलडोजर से ढहाया जाना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर हमला है और यह वास्तव में बेहद व्यथित करने वाला है।’’ विपक्षी नेता के अनुसार, दक्षिणी राज्य में किसी वैकल्पिक उपाय पर विचार किए बिना पवित्र धार्मिक स्थलों को कथित तौर पर लगातार ध्वस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘तिरुमला के ऐतिहासिक हजार स्तंभों वाले मंडप से लेकर पूर्ववर्ती तेदपा सरकार के दौरान कृष्णा पुष्करालु के समय विजयवाड़ा में 40 मंदिरों को ढहाने और बदवेल में कासीनायना ज्योति क्षेत्रम में तोड़फोड़ तक, यह सिलसिला जारी है।’’ उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार ने देशभर में मंदिरों के निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए ‘श्रीवाणी ट्रस्ट’ की स्थापना की थी, जबकि चंद्रबाबू नायडू का प्रशासन ऐतिहासिक धरोहरों को बुलडोजर से ढहा रहा है। जगन ने मंदिर को बुलडोजर से ढहाए जाने का एक वीडियो साझा करते हुए सवाल किया, ‘‘क्या आपकी सरकार के लिए ‘सनातन धर्म’ की रक्षा का यही अर्थ है?’’ तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के पूर्व अध्यक्ष एवं वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता बी. करुणाकर रेड्डी ने मंदिर का दौरा किया और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 716 के विस्तार के लिए रेणिगुंटा मंडल के आंजनेयपुरम में स्थित प्राचीन अभय आंजनेय स्वामी मंदिर को ढहाए जाने की कड़ी निंदा की।
उन्होंने धर्म की रक्षा के प्रति नायडू सरकार की प्रतिबद्धता पर भी सवाल उठाया। वाईएसआरसीपी की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, करुणाकर रेड्डी ने एक वीडियो बयान में दावा किया कि गठबंधन सरकार ने ‘‘राजमार्ग के मार्ग में बदलाव करने का विकल्प’’ उपलब्ध होने के बावजूद जानबूझकर सदियों पुराने मंदिर को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की नजर में हिंदू धर्म की रक्षा करने का यही तरीका है।
मंदिर के आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि यहां स्थापित देव प्रतिमा को ‘स्वयंभू’ माना जाता है और इसका संबंध ऋषि अगस्त्य की पत्नी लोपामुद्रा से है। उन्होंने याद दिलाया कि अन्नमाचार्य ने अपनी रचनाओं में यहां के आराध्य देव की स्तुति की थी और पल्लव शासकों ने करीब 1,400 वर्ष पहले मंदिर के गोपुरम तथा पवित्र जलकुंड का निर्माण कराया था। करुणाकर रेड्डी ने वैदिक पुरोहितों की निगरानी के बिना कथित तौर पर जेसीबी मशीनों से मंदिर को ढहाए जाने को ‘‘धार्मिक पवित्रता का उल्लंघन’’ करार दिया।
सरकार के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए मंदिर को स्थानांतरित करने को लेकर कई महीनों तक बातचीत हुई थी। सभी की सहमति से उन्हीं प्रतिमाओं के साथ किसी अन्य स्थान पर नया मंदिर बनाने का निर्णय लिया गया था।’’ सूत्र ने बताया कि स्थानीय निवासियों, ग्रामीणों, श्रद्धालुओं, पुजारियों और धार्मिक एवं धर्मार्थ संस्थान विभाग के अधिकारियों की सहमति से प्रतिमाओं को किसी अन्य स्थान पर स्थापित करने का निर्णय लिया गया। दो दिन पहले पुजारियों और अधिकारियों ने आवश्यक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने के बाद मुख्य प्रतिमा को अस्थायी रूप से सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए पास के एक भूखंड पर स्थानांतरित कर दिया था।
सूत्र ने बताया कि सरकार ने राजमार्ग के निर्माण के लिए मंदिर की 10 सेंट (0.10 एकड़) भूमि का अधिग्रहण किया और इसके बदले नए मंदिर के निर्माण तथा भूमि के लिए 59 लाख रुपये जमा कराए। उन्होंने बताया कि एक अगस्त को मंदिर के कार्यकारी अधिकारी के खाते में 59.3 लाख रुपये जमा कराए गए थे और नए मंदिर के निर्माण के लिए पास में ही 50 सेंट (आधा एकड़) भूमि आवंटित की गई थी।