By अंकित सिंह | Dec 19, 2022
कांग्रेस की ओर से भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। दिल्ली में भी भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तैयारियां लगातार की जा रही है। इसको लेकर दिल्ली स्थित कार्यालय में एक बैठक बुलाई गई। इस बैठक में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री जगदीश टाइटलर भी शामिल हुए। जगदीश टाइटलर के शामिल होने के साथ ही कई सवाल उठने लगे। दरअसल, जगदीश टाइटलर का नाम दिल्ली में हुए सिख विरोधी दंगों में शामिल किया जाता रहा है। आज एक बार फिर से कांग्रेस की बैठक में शामिल होने के बाद उनसे यही सवाल पूछा गया। इसके जवाब में जगदीश टाइटलर ने साफ तौर पर पूछ लिया कि क्या मेरे खिलाफ कोई भी मामला दर्ज है? इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह भारत में जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे।
आपको बता दें कि जगदीश टाइटलर कांग्रेस के कई बैठकों में शामिल रहते हैं। हालांकि, उनकी तस्वीरें आने के साथ ही विपक्ष जबरदस्त तरीके से कांग्रेस पर हमलावर हो जाता है। जगदीश टाइटलर का काम 1984 के सिख विरोधी दंगों में आ चुका है। कई सालों तक कांग्रेस ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी थी। लेकिन हाल में ही संपन्न हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव में भी कांग्रेस ने जगदीश टाइटलर को बड़ी जिम्मेदारी दी थी और उन्हें 20 सदस्य प्रदेश चुनाव समिति का सदस्य बनाया था। हालांकि इससे पहले वह कई सालों तक लगातार पार्टी में हाशिए पर रहे हैं। लेकिन अब वह धीरे-धीरे राजनीति में लौटने की कोशिश कर रहे हैं।