By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 17, 2025
जयपुर के चित्रकूट नगर में एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) ने साइकिल सवार सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी को टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ जब मां वैष्णव नगर निवासी नरसा राम जाजड़ा (64) स्वतंत्रता दिवस (शुक्रवार) को अपनी साइकिल से कहीं जा रहे थे। उस समय सैर कर रहा जाजड़ा का बेटा वहां पहुंचा और अपने पिता को घायल अवस्था में पाकर स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले गया
। जाजड़ा ने बाद में एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें एक कार को सफेद टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति को कुचलते देखा जा सकता है और उसके बाद कार चालक फरार हो जाता है। फुटेज से एसयूवी और चालक की पहचान करने में मदद मिली।
पुलिस कांस्टेबल किशन ने बताया, ‘‘इस संबंध में दुर्घटना पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से एसयूवी और उसके चालक की पहचान कर ली गई है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और लाइसेंस रद्द कर दिया गया है।’’
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला की पहचान सुरभि माहेश्वरी के रूप में हुई है और उसे हिरासत में लेने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क गया है और उन्होंने विरोध-प्रदर्शन कर लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।
निवासियों का आरोप है कि गांधी पथ का इलाका तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने वालों का अड्डा बन गया है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि इससे पहले कि और भी जानें जाएं, यहां स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और गश्त बढ़ाई जाए।