By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 01, 2026
नयी दिल्ली, एक अगस्त कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिया गया ‘‘माफ करने’’ वाला बयान देश के युवाओं का अपमान है और अब प्रधानमंत्री की ‘‘इंस्टाग्राम सभाएं’’ किसी को गुमराह नहीं कर सकतीं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ‘‘विक्टिम कार्ड खेल’’ रहे हैं, जबकि देश प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के साथ हुई बर्बरता के लिए उनसे माफी का इंतजार कर रहा है। रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘देर रात प्रधानमंत्री ने अपनी आत्ममुग्धता का परिचय देते हुए कहा कि उन्होंने हमारे युवाओं को माफ कर दिया।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री की इंस्टाग्राम सभाएं अब किसी को गुमराह नहीं कर सकतीं।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को कहा था कि उन्हें इस बात का दुख है कि जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान न सिर्फ उनके, बल्कि उनकी दिवंगत मां के लिए भी भद्दी गालियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने यह भी कहा था कि इन ‘‘गुमराह बच्चों’’ को माफ किए जाने की जरूरत है। ‘इंस्टाग्राम’ पर देर रात जारी एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि वह समाज में व्याप्त आक्रोश को समझते हैं, लेकिन यह ‘‘गुमराह बच्चों’’ के साथ अपनापन और उन्हें सही राह दिखाने का समय है।