By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026
जैसलमेर, 28 जुलाई राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में रात्रिकालीन आवाजाही पर प्रतिबंध 30 नवंबर तक बढ़ा दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुपमा जोरवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे पांच किलोमीटर के दायरे में पूर्व अनुमति के बिना रात के समय आवाजाही और घूमने-फिरने पर प्रतिबंध रहेगा।
इससे संबंधित एक अन्य आदेश में जिला प्रशासन ने क्षेत्र में पाकिस्तानी स्थानीय सिम कार्डों के उपयोग पर प्रतिबंध भी 30 नवंबर तक बढ़ा दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान की सीमा में स्थापित मोबाइल टावरों का नेटवर्क भारतीय सीमा के भीतर लगभग तीन से चार किलोमीटर तक पहुंच जाता है। इससे पाकिस्तानी सिम कार्ड के माध्यम से संचार संभव हो जाता है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संभावित खतरा पैदा कर सकता है।
आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी संभावित दुरुपयोग को रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के तहत पाकिस्तानी स्थानीय सिम कार्डों के उपयोग पर प्रतिबंध जारी रखा गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।